
जयपुर डेस्क :
पौधे लगाने के मामले में राजस्थान ने वर्ल्ड रिकॉर्ड बना लिया है। हरियाली तीज के मौके पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत प्रदेशभर में 1 करोड़ 46 लाख 89 हजार 809 पौधे लगाए थे। जिसे लंदन बुक का रिकॉर्ड में दर्ज कर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को सर्टिफिकेट दिया गया है।
दरअसल, शिक्षा विभाग और पंचायती राज विभाग की पहल पर हरियाली तीज के मौके पर मुख्यमंत्री पौधरोपण महाभियान के तहत पौधरोपण किया गया था। इस दिन राजस्थान में 12 घंटे में 98 लाख 86 हजार 471 लोगों ने 1 करोड़ 46 लाख 89 हजार 809 पौधे लगाकर रिकॉर्ड बनाया था। जिसे वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स लंदन ने अपने रिकॉर्ड में दर्ज करते हुए शुक्रवार को रिकॉर्ड का ऑफिशल अनाउंसमेंट कर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को वर्ल्ड रिकॉर्ड का सर्टिफिकेट दिया।

शुक्रवार को सचिवालय में वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन के वाइस प्रेसिडेंट प्रथम भल्ला ने शिक्षा विभाग के शासन सचिव कृष्ण कुणाल, निदेशक आशीष मोदी और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में शिक्षा मंत्री को वर्ल्ड रिकॉर्ड का सर्टिफिकेट दिया। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार की यह शानदार पहल थी। जिसने न सिर्फ प्रदेश को हरा भरा बनाने में मदद की बल्कि, वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बना दिया।
इस दौरान शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि बीज से पौधा और पौधे को पेड़ बनाने का सरकार का ये अभियान अब जन आंदोलन बन गया है। हमारी सरकार जनता के साथ मिलकर पकरोड़ों पौधे लगाकर तापमान को नियंत्रित करने का प्रयास किया है। अब इन पौधों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जा रही है। ऐसे में जिन भी लोगों ने प्रदेश को हरा भरा बनाने के लिए पौधरोपण किया था। अब उन सभी को एप के जरिए प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इस अभियान में सरकारी और निजी विद्यालय, गोशाला, साधु – संत, व्यापारिक प्रतिष्ठान, पेट्रोल पंप, सरकारी योजनाओं के लाभार्थी, सामाजिक संस्था, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन, उद्योग, गैस एजेंसी और खान मालिकों ने भी बढ चढ़कर जागरूकता दिखाई है। सभी को शिक्षा विभाग द्वारा एक टारगेट दिया गया था। उस टारगेट के मुकाबले में भी बड़ी संख्या में पौधारोपण किया गया है। अब हम प्रदेश में कुल 7 करोड़ पौधे लगाकर राजस्थान के बढ़ते तापमान को काबू करने का प्रयास करेंगे।



