विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समयसीमा में पूरे हों सभी प्रोजेक्ट : विधायक उमाकान्त शर्मा

सिरोंज डेस्क :
सिरोंज-लटेरी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विधायक उमाकान्त शर्मा ने शनिवार को प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब और लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखते हुए सभी अधूरे कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिए।

बैठक में लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, कृषि, राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगर पालिका, खाद्य एवं जल संसाधन सहित विभिन्न विभागों के निर्माण कार्यों और हितग्राही मूलक योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई।
विधायक शर्मा ने अधिकारियों से नियमित क्षेत्र भ्रमण, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से सतत संवाद बनाए रखने तथा शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सिरोंज-लटेरी विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें।
समीक्षा बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष मनमोहन साहू, उपाध्यक्ष मनोज साईनाथ, नगर परिषद लटेरी अध्यक्षा शैलेश भंडारी, उपाध्यक्ष शिवचरण प्रजापति, एसडीएम सिरोंज ओम नारायण बड़कुल, एसडीएम लटेरी अनिल कुमार कचवारे, तहसीलदार, एसडीओपी सिरोंज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



