5 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात: सौजना में बिजली उपकेंद्र का लोकार्पण, दनवास स्कूल में अतिरिक्त कक्षों का भूमिपूजन

लटेरी डेस्क :
सिरोंज-लटेरी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक उमाकांत शर्मा ने मंगलवार को क्षेत्र के ग्राम सौजना, छिरारी, गोपालपुर और दनवास का दौरा किया। इस दौरान करीब 5 करोड़ रुपए की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया। ग्राम सौजना में 2 करोड़ 33 लाख रुपए की लागत से निर्मित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण किया गया, वहीं शासकीय हाईस्कूल दनवास में 1 करोड़ 10 लाख रुपए की लागत से दो अतिरिक्त कक्ष, बाउंड्रीवॉल और शौचालय निर्माण कार्य का भूमिपूजन हुआ। नए विद्युत उपकेंद्र के शुरू होने से क्षेत्र के 14 गांवों को बिजली आपूर्ति में सुधार का लाभ मिलने की उम्मीद है।

14 गांवों को मिलेगी बेहतर बिजली आपूर्ति
ग्राम सौजना में विद्युत उपकेंद्र के लोकार्पण के दौरान विधायक उमाकांत शर्मा ने कहा कि पहले क्षेत्र के 14 गांवों को मुरवास से बिजली मिलती थी। एक ही लाइन पर अधिक लोड होने के कारण कम वोल्टेज और बार-बार बिजली फॉल्ट जैसी समस्याएं आती थीं। नए उपकेंद्र के चालू होने से इन गांवों में वोल्टेज की समस्या कम होगी और किसानों, मजदूरों सहित आम उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना लक्ष्य
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार गांवों के विकास तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रही हैं। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय सिद्धांत का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना है। उन्होंने कहा कि सिरोंज-लटेरी क्षेत्र में सड़क, बिजली, शिक्षा और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य आगे भी जारी रहेंगे।
विधायक ने अपने संबोधन में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय लक्ष्मीकांत शर्मा के समय क्षेत्र में विकास कार्यों की जो नींव रखी गई थी, उसे आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष रामगुलाम राजोरिया, जिला मंत्री राजकुंवर बघेल, भारत सिंह राजपूत, डॉ. प्रकाश कुशवाहा, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष संतोष चौधरी, एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ उदय प्रताप सिंह सहित भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



