विदिशा

Breaking news- तेज रफ्तार डंपर बना काल: 16 वर्षीय किशोर की मौत, सुरक्षा इंतजामों पर उठे गंभीर सवाल

विदिशा डेस्क :

विदिशा शहर के टीलाखेड़ी क्षेत्र में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। निर्माणाधीन निजी स्कूल परिसर से मुरम लेकर निकल रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार 16 वर्षीय किशोर नितिन कुशवाह को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल किशोर को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नितिन घर से बाइक लेकर निकला ही था कि स्कूल परिसर से बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के बाहर आ रहे डंपर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि निर्माण कार्य में लगे भारी वाहन लगातार तेज गति और लापरवाही से रिहायशी क्षेत्र में दौड़ते हैं, जबकि स्कूल और आसपास बच्चों तथा आम लोगों की आवाजाही दिनभर बनी रहती है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर बनाने, भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने और निर्माण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था अनिवार्य करने की मांग की है। वार्ड 39 के पार्षद दीपक कुशवाह ने भी घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई तथा निर्माण कार्य की अनुमति और सुरक्षा मानकों की समीक्षा की मांग उठाई है।

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची, डंपर को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

यह हादसा एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि रिहायशी और स्कूल क्षेत्रों में निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन आखिर कब सुनिश्चित होगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते भारी वाहनों की रफ्तार और आवाजाही पर नियंत्रण नहीं लगाया गया, तो ऐसे हादसे दोबारा भी हो सकते हैं।

News Update 24x7

Related Articles

error: Content is protected !!