विदिशा

पैसा 5G का, नेटवर्क 4G भी नहीं: आनंदपुर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क बेहाल

आनंदपुर डेस्क :

5G के दौर में ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। आनंदपुर सहित आसपास के गांवों में टेलीकॉम कंपनियां उपभोक्ताओं से 5G सेवाओं के नाम पर शुल्क तो वसूल रही हैं, लेकिन कई जगहों पर 4G नेटवर्क तक ठीक से उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। शाम के समय नेटवर्क की समस्या और बढ़ जाती है। मोबाइल पर बात करना मुश्किल हो जाता है और इंटरनेट की रफ्तार इतनी धीमी रहती है कि जरूरी काम के लिए भी ग्रामीणों को घंटों इंतजार करना पड़ता है।

आनंदपुर में आइडिया और जिओ का नेटवर्क उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि शाम के समय कॉल बार-बार कटती है और आवाज भी स्पष्ट सुनाई नहीं देती। इंटरनेट चलाने में भी काफी परेशानी होती है। यही स्थिति बीएसएनएल की सेवाओं को लेकर भी बताई जा रही है।

एक साल से खराब पड़ा जिओ का टावर

ग्राम बापचा में जिओ का टावर करीब एक वर्ष से खराब पड़ा है। ग्रामीणों के अनुसार लंबे समय से टावर खराब होने के कारण क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क की समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों ने जिओ केयर, जिओ सेंटर सहित संबंधित स्थानों पर कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।

ग्रामीण अभिषेक सेन और लखन लखन सेन ने बताया कि वे करीब एक साल से नेटवर्क की समस्या झेल रहे हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। उनका कहना है कि जरूरी काम के लिए मोबाइल नेटवर्क पर निर्भर लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है।

जरूरी फाइल डाउनलोड करने में लगते हैं घंटे

जावती निवासी बृजेश चौकसे, दीपक अहिरवार ने बताया कि नेटवर्क इतना कमजोर हो गया है कि मोबाइल पर सही तरीके से बातचीत तक नहीं हो पाती। वहीं ओखली खेड़ा निवासी राकेश अहिरवार और अनिल नामदेव ने कहा कि नेटवर्क की स्थिति बेहद खराब है। कोई जरूरी काम हो तो लोगों को नेटवर्क मिलने के लिए दूसरी जगह जाना पड़ता है। ग्रामीणों के अनुसार करीब एक एमबी की फाइल डाउनलोड करने में भी दो से तीन घंटे तक लग जाते हैं।

ग्रामीणों ने टेलीकॉम कंपनियों और संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों से नेटवर्क व्यवस्था की तत्काल जांच कर खराब टावरों को दुरुस्त कराने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभावी मोबाइल एवं इंटरनेट सेवा सुनिश्चित करने की मांग की है।

News Update 24x7

Related Articles

error: Content is protected !!