विदिशामध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान:- गांव-गांव पहुंचे जिला पंचायत CEO, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं

जनसंवाद में मिले आवेदनों के समय-सीमा में निराकरण के निर्देश; निर्माण कार्यों, स्वास्थ्य केंद्र, गौशाला और विद्युत सब स्टेशन का किया निरीक्षण

आनंदपुर डेस्क :-

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को जिला पंचायत सीईओ श्री ओपी सनोडिया ने लटेरी तहसील के क्लस्टर खेरखेड़ी और उनारसी कला के विभिन्न गांवों का भ्रमण किया। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान उन्होंने विभिन्न शासकीय संस्थाओं, निर्माणाधीन भवनों, स्वास्थ्य केंद्र, गौशाला और विद्युत सब स्टेशन की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।

जिला पंचायत सीईओ ने आनंदपुर में बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी सोसायटी (बी-पैक्स) का निरीक्षण कर सोसायटी की व्यवस्थाओं और संचालित गतिविधियों की जानकारी ली। इसके बाद सुनखेर में निर्माणाधीन उप स्वास्थ्य केंद्र, पंचायत भवन और सामुदायिक भवन के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता और कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आनंदपुर में जनसंवाद, ग्रामीणों से लिए आवेदन

आनंदपुर ग्राम पंचायत भवन में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी और जिला पंचायत सीईओ ओपी सनोडिया ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन अधिकारियों को सौंपे। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए।

उद्यम संवाद में युवाओं को स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित

ग्राम कालादेव के पंचायत भवन में आयोजित उद्यम संवाद में जिला पंचायत सीईओ ने ग्रामीणों और उद्यमियों से चर्चा कर उनकी जरूरतों और समस्याओं की जानकारी ली। उद्योग विभाग के अधिकारियों ने युवाओं और ग्रामीणों को स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी। मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना सहित अन्य योजनाओं के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को स्वयं का व्यवसाय शुरू करने के लिए प्रेरित किया गया।

उनारसी कला में सुनी समस्याएं,सब स्टेशन की क्षमता जानी

भ्रमण के अंतिम चरण में जिला पंचायत सीईओ उनारसी कला पहुंचे। पंचायत भवन परिसर में आयोजित जनसंवाद में उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही उनके समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने गांव में नवनिर्मित विद्युत सब स्टेशन का निरीक्षण भी किया। विद्युत विभाग के अधिकारियों से सब स्टेशन की क्षमता और इससे लाभान्वित होने वाले गांवों की जानकारी ली। साथ ही विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

News Update 24x7

Related Articles

error: Content is protected !!