युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं, रोजगार देने वाला बनाएं: कलेक्टर
उद्यम संवाद में स्वरोजगार योजनाओं की दी जानकारी, महिला उद्यमियों ने साझा किए सफलता के अनुभव; पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश

लटेरी डेस्क :
युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को श्री लक्ष्मीकांत शर्मा प्रतीक्षालय में उद्यम संवाद आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने युवाओं, महिला उद्यमियों, छोटे व्यापारियों, कारीगरों, किसानों और पशुपालकों से अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुसार व्यवसाय शुरू करने और शासन की स्वरोजगार योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि योजनाओं का उद्देश्य लोगों को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है। कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित उद्यमियों और स्वसहायता समूहों की महिला सदस्यों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सरकारी सहायता, प्रशिक्षण और मार्गदर्शन से उन्होंने व्यवसाय स्थापित कर आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाए हैं।
कई स्वरोजगार योजनाओं की दी जानकारी
उद्यम संवाद में मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, संत रविदास योजना, भगवान बिरसा मुंडा योजना, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना, पशुपालन केसीसी, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, आचार्य विद्यासागर योजना, एमएसएमई प्रोत्साहन योजना और मध्यप्रदेश स्टार्टअप नीति 2025 सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। इन योजनाओं के माध्यम से उपलब्ध वित्तीय सहायता, प्रशिक्षण और मार्गदर्शन के बारे में भी बताया गया।

पात्र हितग्राहियों को आवेदन में मदद करें अधिकारी
कलेक्टर गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवेदन प्रक्रिया में भी आवश्यक सहयोग किया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि युवा स्थानीय जरूरतों और अपनी क्षमताओं को ध्यान में रखकर व्यवसाय का चयन करें तथा स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाएं।
लोगों की समस्याएं सुनीं, निराकरण के निर्देश
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने उपस्थित लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं को आमजन तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। इस दौरान पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी, उद्योग विभाग की महाप्रबंधक जयंती कुमारी, सहायक मैनेजर रितु साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, उद्यमी, स्वसहायता समूहों की महिला सदस्य, युवा और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



