विदिशा

कलेक्टर-एसपी ने लटेरी में परखी विकास कार्यों की जमीनी हकीकत: स्कूलों से अस्पताल तक पहुंचे

जनविश्वास अभियान के तहत शासकीय संस्थानों का किया निरीक्षण, विद्यार्थियों से किया संवाद; अधिकारियों को व्यवस्थाएं सुधारने और जनसमस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश

लटेरी डेस्क :

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को कलेक्टर अंशुल गुप्ता और पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने लटेरी क्षेत्र का सघन भ्रमण कर शासकीय संस्थानों, निर्माण कार्यों और जनसुविधाओं की जमीनी स्थिति देखी। दोनों अधिकारियों ने स्कूलों, छात्रावासों, स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनवाड़ी केंद्रों, तहसील कार्यालय की नवीन बिल्डिंग सहित विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान व्यवस्थाओं की जानकारी लेने के साथ संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। भ्रमण का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने और विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन करना रहा।

विद्यार्थियों से चर्चा कर जानी पढ़ाई की स्थिति

कलेक्टर और एसपी ने सांदीपनी विद्यालय तथा मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल लटेरी का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने विद्यार्थियों की उपस्थिति, पढ़ाई-लिखाई और उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी ली। विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई और आवश्यकताओं के बारे में भी पूछा। इसके बाद बालक आदिवासी आश्रम शाला और आदिवासी सीनियर छात्रावास पहुंचकर आवास, भोजन, शिक्षा तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।

अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा

अधिकारियों ने सिविल हॉस्पिटल लटेरी की नवीन बिल्डिंग का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लटेरी पहुंचकर मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता का जायजा लिया। तहसील कार्यालय की नवीन बिल्डिंग का निरीक्षण कर कार्यालयीन व्यवस्थाओं को व्यवस्थित और आमजन के लिए सुविधाजनक बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

आंगनवाड़ी, तालाब सौंदर्यीकरण और भुजारिया घाट भी देखा

भ्रमण के दौरान कलेक्टर और एसपी ने वार्ड क्रमांक-10 स्थित आंगनवाड़ी भवन सहित ग्रामीण क्षेत्रों के आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, पोषण आहार और केंद्रों के संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
इसके बाद नगर परिषद लटेरी द्वारा कराए गए तालाब सौंदर्यीकरण कार्य और भुजारिया घाट का निरीक्षण किया गया। कलेक्टर ने विकास कार्यों की स्थिति का जायजा लेते हुए नागरिक सुविधाओं को व्यवस्थित और उपयोगी बनाए रखने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।

उद्यम संवाद में स्वरोजगार योजनाओं की दी जानकारी

कलेक्टर अंशुल गुप्ता और एसपी रोहित काशवानी ने पैक्स लटेरी का निरीक्षण कर वहां की गतिविधियों और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके अलावा नवीन बस स्टैंड लटेरी में आयोजित उद्यम संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं और आमजन को स्वरोजगार तथा ऋण आधारित योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र हितग्राहियों को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण पर जोर

भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने आमजन से सीधे संवाद कर उनकी व्यक्तिगत और सार्वजनिक समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता और तत्परता के साथ निराकरण किया जाए। साथ ही शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में सक्रियता बरतने को कहा।

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं एवं सेवाओं को आमजन तक सहजता से पहुंचाने के साथ प्रशासन और नागरिकों के बीच विश्वास मजबूत करना है। इसी क्रम में अधिकारियों ने विभिन्न संस्थानों और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा जनहित से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और सक्रियता के साथ काम करने के निर्देश दिए।

News Update 24x7

Related Articles

error: Content is protected !!