गुनामध्यप्रदेश
अहिरवार समाज संघ का जिला अधिवेशन संपन्न, संगठन विस्तार के साथ 50 से अधिक पदों पर नियुक्तियां

गुना डेस्क :
अहिरवार समाज संघ जिला गुना के तत्वावधान में एक दिवसीय जिला अधिवेशन का आयोजन किया गया। अधिवेशन में समाज को संगठित करने, सामाजिक न्याय के लिए मजबूती से कार्य करने और संगठन के विस्तार को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान तहसील, ब्लॉक एवं जिला स्तर की कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए विभिन्न पदों पर नई नियुक्तियां की गईं। कार्यक्रम में जिले की विभिन्न तहसीलों से बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष समाजजन शामिल हुए।
अधिवेशन में अहिरवार समाज संघ भारत के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जगदीश सूर्यवंशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हनुमंत सिंह बौद्ध, प्रदेश अध्यक्ष एम.एल. वर्मा एवं कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष एन.एस. वर्मा सहित संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि डॉ. जगदीश सूर्यवंशी ने अपने संबोधन में समाज को सामाजिक स्तर पर संगठित होने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के माध्यम से समाज के लोगों के अधिकारों और न्याय के लिए प्रभावी ढंग से संघर्ष किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अन्याय और अत्याचार से पीड़ित लोगों को न्याय दिलाने के लिए संगठन के पदाधिकारी हरसंभव प्रयास करते हैं। उन्होंने बताया कि अहिरवार समाज संघ पिछले 25 वर्षों से देश के विभिन्न प्रांतों में लगातार सामाजिक स्तर पर कार्य कर रहा है।

जिला एवं ब्लॉक कार्यकारिणी का विस्तार
कार्यक्रम के दौरान संगठन के विस्तार के क्रम में चंद्रप्रकाश अहिरवार को प्रदेश उपाध्यक्ष, अशोक जाटव को गुना संभागीय अध्यक्ष, हीरालाल अहिरवार एडवोकेट को जिला अध्यक्ष गुना, राजपाल जाटव को कार्यवाहक जिला अध्यक्ष, मुकेश इमलिया को युवा प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष, मीनू मौर्य को महिला प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष तथा राजधर सिंह एडवोकेट को लीगल सेल अध्यक्ष गुना नियुक्त किया गया।
इसी क्रम में प्रकाश सिंह चोपड़ा को कोषाध्यक्ष, जबकि रामलाल सूर्यवंशी, श्यामबाबू अहिरवार एवं अवधेश कश्यप को जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
ब्लॉक स्तर पर ब्रजेश अहिरवार को ब्लॉक उपाध्यक्ष आरोन, तीरथ सिंह अहिरवार को ब्लॉक अध्यक्ष आरोन, हेमराज खरे को ब्लॉक अध्यक्ष चाचौड़ा, हरिकिशन खरे को ब्लॉक अध्यक्ष कुमराय तथा पूरन सिंह अहिरवार को ब्लॉक अध्यक्ष बमौरी नियुक्त किया गया। संगठन द्वारा जिले एवं विभिन्न ब्लॉकों में लगभग 50 अन्य पदों पर भी नियुक्तियां की गईं।
अधिवेशन में जिले की सभी तहसीलों से आए सैकड़ों समाजजनों की मौजूदगी रही। कार्यक्रम के समापन अवसर पर अहिरवार समाज संघ जिला अध्यक्ष गुना एवं जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि आरोन हीरालाल अहिरवार एडवोकेट ने अतिथियों, नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं उपस्थित समाजजनों का आभार व्यक्त किया।



