राजगढ़

70 लाख किसानों के खातों में 1400 करोड़ रुपए ट्रांसफर: राजगढ़ में CM शिवराज का ऐलान, ट्रैक्टर वाले परिवारों की महिलाओं को भी मिलेंगे एक-एक हजार

राजगढ़ डेस्क :

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि जिन परिवारों में ट्रैक्टर है, मध्यप्रदेश के ऐसे परिवारों की महिलाओं को भी अब सरकार 1-1 हजार रुपए देगी। केवल एक हजार नहीं, जैसे-जैसे पैसे का इंतजाम होगा, वैसे-वैसे बढ़ाकर 1250 फिर 1500 रुपए..इसके बाद 1750, 2000, 2200 रुपए फिर 2500 रुपए करूंगा। इसको बढ़ाकर 3 हजार रुपए तक ले जाऊंगा। बहनों की जिंदगी बदलना हमारी जिंदगी का मिशन है।

सीएम ने यह ऐलान राजगढ़ में आयोजित किसान कल्याण महाकुंभ में मंगलवार को किया। इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यहां मोहनपुरा और कुण्डालिया सिंचाई परियोजना के प्रथम चरण का लोकार्पण किया। इस मौके पर किसान कल्याण योजना के तहत सिंगल क्लिक से 70 लाख किसानों के खाते में 1400 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए गए।

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के 2900 करोड़ का भी भुगतान

किसान कल्याण महाकुंभ में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के दावों का भी भुगतान किया गया। इसमें 49 हजार किसानों के खाते में 2900 करोड़ रुपए डाले गए। सीएम शिवराज ने कहा कि कमलनाथ के कर्ज माफी के वादे पर विश्वास करके किसानों ने ब्याज नहीं भरा। उस ब्याज की गठरी 2200 करोड़ हो गई। आज हम वह गठरी उतार रहे हैं।

इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दोपहर करीब एक बजे भोपाल पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनका स्वागत किया। यहां से दोनों नेता हेलिकॉप्टर से राजगढ़ निकले। राजगढ़ पहुंचने के बाद राजनाथ और शिवराज खुले वाहन में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे।

6 हजार प्रधानमंत्री दे रहे, अब मामा भी 6 हजार देगा

राजगढ़ में CM ने कहा, ‘आज राजनाथ जी आए हैं। उनसे हमने राजनीति का क ख ग सीखा है। पीएम नरेंद्र मोदी के 9 साल पूरे हुए हैं, स्वागत कीजिए मोदी जी का। आज मेरी लाड़ली बहनें इतनी बड़ी संख्या में आई हैं। योजना का पैसा खाते में नहीं आया तो बाकी 50 लाख बहनों के खातों में भी पैसा कल सुबह तक आ जाएगा। हम कमलनाथ थोड़े ही हैं।’

उन्होंने कहा – प्रधानमंत्री जी 6 हजार रुपए तो किसानों को दे ही रहे हैं, अब मामा भी 6 हजार रुपए देगा। छोटा किसान परिवार है तो श्रीमती जी के एक हजार और श्रीमान के एक हजार। साल के 24 हजार हो गए। दो बहू हो तो उनके भी 24 हजार हो जाएंगे। और बूढ़ी सास है तो उनकी पेंशन भी एक हजार रुपए कर रहे हैं। पैसा विश्वास बढ़ाता है। पैसा इज्जत बढ़ाता है। पैसा नहीं हो तो लखुआ इधर आ और पैसा हो तो सेठ लखिराम जी इधर आओ। हम गरीब नहीं रहेंगे। हमारी आंखों में आंसू नहीं रहेंगे। मैं यह चाहता हूं कि हर बहन लखपति बनें। हम लाड़ली बहना परिवार और लाड़ली बहना सेना बना रहे हैं।

रक्षा मंत्री बोले- MP में BJP को इस बार पहले से अधिक सीटें मिलेंगी

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- कांग्रेस ने वादे किए लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया। हमारी पार्टी ने जो भी वादे किए, एक-एक को पूरा करने का काम किया। नेताओं की कथनी और करनी में अंतर होने के कारण भारत की राजनीति में विश्वास का संकट पैदा हुआ है। लेकिन मैं मानता हूं कि हमारे प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने इस संकट को चुनौती के रूप में स्वीकार किया है। मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में इस बार BJP को पहले से अधिक सीटें मिलेंगी।

राजनाथ ने कहा- यहां किसान खेतों में काम करता है, वहां किसान का बेटा देश की सीमाओं की रक्षा करता है। हमारा किसान अन्नदाता है, जीवनदाता है और भारत का भाग्य विधाता भी है। शिवराज सिंह, मैंने कभी कल्पना नहीं की थी..आपके द्वारा बहनों और भाइयों के लिए इतने बड़े काम किए जाएंगे। यह शायद ही दूसरे राज्य में देखने को मिलें।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने जो कहा, किया। वे केवल घोषणा नहीं करते बल्कि उन्हें अमल में भी लाते हैं। आपने यहां पर कांग्रेस की हुकूमत देखी है। हमारे शिवराज जी की हुकूमत आने पर कांग्रेस की क्या हकीकत है, आप देख ही रहे हैं।

प्रियंका पर तंज- अब कुछ लोग मौसमी हिंदू बन गए

रक्षा मंत्री ने कहा- हम समाज बनाने के लिए..देश बनाने के लिए राजनीति करते हैं। अब कुछ लोग मौसमी हिंदू बन गए हैं। नर्मदा जी की आरती करते हैं। पहले नर्मदा जी याद क्यों नहीं आईं? अब हनुमान जी का गदा लेकर मीटिंग कर रहे हैं। पहले राम और हनुमान का नाम लेकर लगता था कि इन पर पहाड़ टूट पड़ा है। आपको याद है हमने रामलला की भूमि पर मंदिर बनाने का संकल्प लिया, तब कांग्रेस की भूमिका क्या थी? हमने जो कहा था.. समय जरूर लगा है लेकिन अब राम का भव्य मंदिर बनकर तैयार हो गया। 22 जनवरी को रामलला वहां पर स्थापित होंगे।

किसान चाहें तो एडवांस में खाद लेकर जाएं

मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा- सवा साल कांग्रेस की सरकार आई थी। कहा था सब किसानों का कर्जा माफ करेंगे। राहुल गांधी जी ने कहा था 10 दिन में कर्जा माफ नहीं हुआ तो मुख्यमंत्री बदल दूंगा। बताओ क्या कर्जा माफ हुआ? कमलनाथ जी ने प्रधानमंत्री सम्मान निधि की सूची तक नहीं भेजी। आज मैं कह रहा हूं कि खाद की इस साल कोई कमी नहीं रहेगी। एडवांस में रख लिया है। आप चाहो तो एडवांस में उठाकर ले जाओ। कृषि मंत्री कमल पटेल बैठे हैं। मूंग की खरीदी होगी। 20 हजार करोड़ रुपए हमने फसल बीमा के खातों में डाले हैं।

सिंचाई परियोजना से 3 लाख से ज्यादा किसानों को फायदा

जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने कहा- आज MP के लिए ऐतिहासिक दिन है। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मोहनपुरा एवं कुण्डालिया सिंचाई परियोजना के प्रथम चरण का लोकार्पण किया है। इसकी कुल लागत 8 हजार 481 करोड़ रुपए है। इस परियोजना से तीन जिलों के 1 हजार 1312 गांवों की 2 लाख 85 हजार हेक्टेयर जमीन को सिंचाई सुविधा मिलेगी। 3 लाख 31 हजार 636 किसानों को सीधा लाभ होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!