सरकार के सामने बड़ी चुनौती 6 महीने में बाकी 65 हजार पदों को भरने की: संविदा और आउटसोर्स पर रखे गए कर्मचारियों को सिर्फ ‘सरकारी’ दिखाने जा रही
भोपाल डेस्क :
अजीब ‘दुविधा’ है। पहले नौकरियों की घोषणा करो। फिर उनके लिए जगह भी ढूंढो। इस ‘दुविधा’ में अब राज्य सरकार है, क्योंकि उसने अक्टूबर तक एक लाख खाली पद भरने की घोषणा की है। अब तक कर्मचारी चयन मंडल के जरिए विभिन्न विभागों में एक साल में सिर्फ 35 हजार पद ही निकल पाए हैं। इनमें 7500 शिक्षकों और 3 हजार अन्य की भर्तियां हो चुकी हैं। बाकी 24500 की प्रक्रिया अभी पाइपलाइन में है।
सरकार के सामने अब बड़ी चुनौती 6 महीने में बाकी 65 हजार पदों को भरने की है, क्योंकि ये पद तो मिल गए हैं, लेकिन अब भरने का समय नहीं हैं। इसलिए सरकार ने एक सरकारी जुगाड़ निकाली है। वो संविदा और आउटसोर्स पर रखे गए कर्मचारियों को सिर्फ ‘सरकारी’ दिखाने जा रही है। इसके लिए सरकार ने सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिवों से 12 अप्रैल तक जवाब मांग लिया है। नोटशीट में कहा गया है कि आपके विभागों में जितने भी संविदा या आउट सोर्स वाले कर्मचारी हों, उनकी लिस्ट बनाएं और उनके नाम पोर्टल पर भी सार्वजनिक करें। सूत्रों का कहना है कि सरकार के इस कदम से पोर्टल्स पर कम समय में ज्यादा पद भरे दिखेंगे।
विभागों को टास्क- चार दिन में दो संविदा कर्मचारियों की जानकारी
सामान्य प्रशासन विभाग ने नोटशीट में लिखा है कि अधीनस्थों, विभागाध्यक्ष कार्यालयों, निगम मंडल एवं अशासकीय संस्थाओं में जो भी भर्ती हो रही हैं, उनमें कुछ नियुक्तियां आउटसोर्स से की जा रही होंगी। इन भर्तियों की जानकारी 1 लाख खाली पदों को भरने के लिए तैयार किए गए पोर्टल में भरें। आनन-फानन में विभागों ने कुल नियुक्तियों में सीधी भर्ती, बैकलॉग, नियमित, अनुकंपा, संविदा, आउटसोर्स वालों की गिनती शुरू कर दी गई है। सूत्रों की मानें तो ये पद भरकर सरकार बेरोजगारी पर अंकुश का मैसेज देना चाहती है।
आउटसोर्स की कट ऑफ डेट 15 अगस्त 2022
आउटसोर्स कर्मचारियों की गिनती की कट ऑफ डेट 15 अगस्त 2022 रखी गई है। इसमें खास यह है कि इस तारीख के बाद ये भर्तियां 3 वर्ष या उससे अधिक के लिए की गई हों। 12 अप्रैल तक ये जानकारी देना है। इसके बाद भविष्य में जो भर्तियां होनी हैं, उनकी भी डिटेल मांगी है।
हम तय समय सीमा में पद भर लेंगे
खाली पदों को भरे जाने की प्रक्रिया जारी है। बड़ी संख्या में भर्तियां की भी गई हैं। तय समय सीमा में खाली पदों को भर लिया जाएगा।
-इंदर सिंह परमार, मंत्री, सामान्य प्रशासन विभाग



