
नई दिल्ली डेस्क :
संसद परिसर में गुरुवार सुबह धक्का-मुक्की के दौरान ओडिशा के बालासोर से सांसद प्रताप सारंगी चोटिल हो गए। सारंगी ने आरोप लगाया कि राहुल ने एक सांसद को धक्का दिया, जो उनके ऊपर गिरा।
सारंगी जब मीडिया के सामने आए, तब उनके सिर से खून निकल रहा था। सारंगी के अलावा फर्रुखाबाद से भाजपा सांसद मुकेश राजपूत को भी चोट आई है। दोनों को RML हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
हॉस्पिटल के मेडिकल सुपरिन्टेंडेंट ने बताया कि दोनों नेताओं के सिर में चोट लगी है। उन्हें ICU रखा गया है। प्रताप सारंगी को काफी ब्लीडिंग रही थी। उनका घाव भी गहरा था, इसलिए टांके लगाने पड़े।
मुकेश राजपूत बेहोश हो गए थे। अब उन्हें होश तो आ गया है लेकिन चक्कर आ रहे हैं। उनका BP बढ़ गया था।
घटना के बाद भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर और बांसुरी स्वराज ने राहुल के खिलाफ FIR दर्ज करवाई है।
दूसरी तरफ कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह, राजीव शुक्ला और प्रमोद तिवारी ने मल्लिकार्जुन खड़गे से धक्का-मुक्की और खराब व्यवहार किए जाने की शिकायत दर्ज कराई है।
वहीं, जब राहुल से जब धक्का-मुक्की पर सवाल हुआ तो उन्होंने कहा कि भाजपा सांसदों ने उन्हें धमकाया और धक्का-मुक्की की। संसद के मेन गेट मकर द्वार का घेराव करके उन्हें संसद में एंट्री करने से रोका गया।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी कहा कि मेरे और प्रियंका के साथ धक्का-मुक्की की गई। खड़गे ने कहा- धक्का लगने से उनके घुटने में चोट आई है।
पूरे घटनाक्रम की जानकारी पीएम नरेंद्र मोदी को दी गई, जिसके बाद उन्होंने दोनों सांसदों से फोन पर बात की और उनका हाल-चाल जाना।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा- राहुल नेता प्रतिपक्ष हैं, उन्हें पहलवानी दिखाने की क्या जरूरत है। उन्होंने कराटे क्या दूसरों को मारने के लिए सीखा है।
भाजपा सांसदों ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से शिकायत की है।
संसद परिसर में कहा-सुनी फिर धक्का-मुक्की
संसद में गुरुवार सुबह I.N.D.I.A. ब्लॉक और भाजपा सांसद प्रदर्शन कर रहे थे। I.N.D.I.A. ब्लॉक अंबेडकर पर शाह के बयान की निंदा और उनके इस्तीफे की मांग कर रहा था। भाजपा सांसद भी अंबेडकर पर कांग्रेस की बयानबाजी का विरोध कर रहा था। इसी दौरान दोनों पक्षों के सांसद आमने-सामने आ गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसके बाद ही धक्का-मुक्की शुरू हुई।
प्रताप चंद्र सारंगी ने राहुल पर आरोप लगाया
भाजपा और कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद प्रताप चंद्र सारंगी मीडिया के सामने आए। उनके सिर पर रूमाल रखा था और खून निकल रहा था। इसके बाद सारंगी ने राहुल पर धक्का देने का आरोप लगाया।
चोटिल सारंगी को देखने पहुंचे राहुल गांधी
कांग्रेस सासंद राहुल गांधी भी अपने साथियों के साथ चोटिल प्रताप चंद्र सारंगी को देखने पहुंचे। हालांकि, उन्होंने सारंगी से क्या बातचीत की यह अभी सामने नहीं आया है।
मीडिया के सामने राहुल का जवाब
मीडिया ने राहुल से सवाल पूछा कि विपक्षी सांसद धक्का-मुक्की का आरोप लगा रहे हैं तो उन्होंने कहा, “नहीं-नहीं। आपके कैमरा में होगा। ये पार्लियामेंट का एंट्रेंस है और मैं अंदर जाने की कोशिश कर रहा था। भाजपा के सांसद मुझे रोकने की कोशिश कर रहे थे, मुझे धकेल रहे थे, मुझे धमका रहे थे। ये हुआ है। धक्का-मुक्की से कुछ होता नहीं है। संसद में जाना हमारा अधिकार है। भाजपा के मेंबर्स हमें अंदर जाने से रोक रहे थे।”
भाजपा सांसद मुकेश राजपूत सारंगी पर गिरे
आरोप है कि सांसद मुकेश राजपूत को राहुल ने धक्का मारा जिससे वे सारंगी के ऊपर गिर गए। राजपूत को राम मनोहर लोहिया के ICU में भर्ती कराया गया है। उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
सारंगी-राजपूत RML में भर्ती, शिवराज सिंह मिलने पहुंचे
शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “प्रताप चंद्र सारंगी को देखकर मन पीड़ा से भर गया है। संसद के इतिहास का ये काला दिन है। मर्यादाओं की धज्जियां उड़ा दी गईं। राहुल गांधी और कांग्रेस ने जो गुंडागर्दी की है उसका कोई दूसरा उदाहरण नहीं मिलता।”
भाजपा-कांग्रेस ने एक-दूसरे पर FIR दर्ज कराई
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर और बांसुरी स्वराज समेत NDA के 3 सांसदों ने राहुल गांधी के खिलाफ हत्या की कोशिश सहित 7 धाराओं में FIR दर्ज कराई। वहीं, कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी और राजीव शुक्ला ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से बदसलूकी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई।
राजनाथ बोले- लोकतंत्र में इस तरह की घटनाओं की जगह नहीं
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी दोनों घायल सांसदों से मिलने पहुंचे। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा- आज संसद में बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई। स्वस्थ लोकतंत्र में इस तरह की घटनाओं की कोई जगह नहीं है। इसकी जितनी भर्त्सना की जाये कम है। मैं ईश्वर से दोनों के स्वस्थ होने कामना करता हूं।
किरेन रिजिजू बोले- कराटे क्या दूसरों को मारने के लिए सीखा
किरेन रिजिजू बोले- राहुल गांधी ने भाजपा के दो सांसदों को जोर से धक्का दिया। उनके खून निकाल दिया। संसद शारीरिक प्रदर्शन की जगह नहीं है। संसद कोई कुश्ती का मंच नहीं है। अगर सब लोग मारपीट करने लग जाएं तो संसद कैसे चलेगा।
वो तो नेता प्रतिपक्ष हैं, उन्हें पहलवानी दिखाने की क्या जरूरत है। आपने कराटे दूसरों को मारने के लिए सीखा है क्या। ये कोई राजा की पर्सनल प्रॉपरिटी नहीं है। अगर हमारे सांसद भी हाथ उठाते तो क्या हाल होता। हमारे दोनों सांसद गंभीर रूप से घायल हैं। बाद में देखेंगे कि क्या कार्रवाई करनी है।
भाजपा सांसद निशिकांत बोले- गुंडागर्दी करते हैं राहुल
सांसद निशिकांत बोले- आपको शर्म नहीं आती, गुंडागर्दी करते हो। बूढ़े को गिरा दिया। इस पर राहुल ने तुरंत ही आरोप लगाया कि सारंगी ने उन्हें धक्का दिया था। राहुल के इतना कहते ही वहां मौजूद BJP सांसद जोर-जोर से चिल्लाने लगे कि सारंगी ने राहुल को धक्का नहीं दिया। इसके तुरंत बाद राहुल वहां से निकल गए।
लगातार दूसरे दिन शाह के बयान पर हंगामा, दोनों सदन स्थगित
संसद के शीतकालीन सत्र में लगातार दूसरे दिन गुरुवार को गृह मंत्री अमित शाह के अंबेडकर पर बयान को लेकर हंगामा हुआ। शाह ने 17 दिसंबर को राज्यसभा में कहा था- अभी एक फैशन हो गया है। अंबेडकर, अंबेडकर, अंबेडकर, अंबेडकर…। इतना नाम अगर भगवान का लेते तो 7 जन्मों तक स्वर्ग मिल जाता।
कांग्रेस ने इस बयान को अंबेडकर का अपमान बताया है और शाह को कैबिनेट से बर्खास्त किए जाने की मांग की है। गरुवार को विपक्षी सांसदों ने संसद के बाहर विरोध मार्च निकाला। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी नीले कपड़े पहनकर पहुंचे थे।