देश

EPFO 3.0 से PF निकासी होगी आसान: UPI और ATM से मिनटों में मिलेगा पैसा

नई दिल्ली डेस्क :                               सीताराम वाघेला 

देश के करोड़ों कर्मचारी भविष्य निधि (PF) खाताधारकों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) अपने डिजिटल अपग्रेड EPFO 3.0 के तहत ऐसी व्यवस्था लागू करने जा रहा है, जिससे कर्मचारी UPI और UPI-सक्षम ATM के माध्यम से सीधे अपने पीएफ खाते से पैसा निकाल सकेंगे। केंद्रीय श्रम मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया के अनुसार इस नई व्यवस्था की तकनीकी टेस्टिंग और पायलट ट्रायल सफलतापूर्वक पूरे हो चुके हैं तथा इसका उद्देश्य पीएफ निकासी प्रक्रिया को पूरी तरह पेपरलेस, तेज और आधुनिक बनाना है।

नई प्रणाली लागू होने के बाद कर्मचारियों को छोटे-छोटे क्लेम के लिए लंबी प्रक्रिया और कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। हालांकि पीएफ का पूरा पैसा एक साथ निकालने की अनुमति नहीं होगी। नियमों के अनुसार कुल जमा राशि का कम से कम 25 प्रतिशत हिस्सा खाते में सुरक्षित रहेगा, जबकि पात्र सदस्य आवश्यकता अनुसार 50 से 75 प्रतिशत तक राशि निकाल सकेंगे।

EPFO ऑटो-सेटलमेंट सीमा को भी 1 लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये तक करने जा रहा है, जिससे पात्र दावों का भुगतान और तेजी से हो सकेगा। इसके अलावा आधार OTP और सेल्फ-सर्टिफिकेशन के जरिए नियोक्ता की मंजूरी पर निर्भरता भी समाप्त हो जाएगी।

हालांकि EPFO ने अभी तक इस सुविधा की अंतिम लॉन्च तिथि घोषित नहीं की है, लेकिन माना जा रहा है कि वर्ष 2026 के मध्य तक यह सेवा देशभर में शुरू हो सकती है। विशेषज्ञों ने कर्मचारियों को सलाह दी है कि वे आधार, बैंक खाता, पैन, मोबाइल नंबर और UAN से जुड़ी KYC जानकारी समय रहते अपडेट और सत्यापित करा लें, ताकि नई सुविधा शुरू होने पर किसी प्रकार की परेशानी न हो।
EPFO 3.0 को कर्मचारियों के लिए डिजिटल सेवाओं की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है, जिससे पीएफ निकासी पहले से कहीं अधिक सरल, पारदर्शी और तेज हो जाएगी।

News Update 24x7

Related Articles

error: Content is protected !!