भोपाल

कमलनाथ ने कसा तंज बोले- बीजेपी चुनाव को शिवराज से डायवर्ट कर रही: अब मोदी-शाह सभी आएंगे, वीडी शर्मा का जवाब-84 के दंगों में आपकी क्या भूमिका थी

भोपाल डेस्क :

मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने पीएम मोदी के एमपी दौरे को लेकर सीएम शिवराज सिंह पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि ‘यह विधानसभा चुनाव तो शिवराज सिंह चौहान का है। BJP इसे शिवराज से डायवर्ट करना चाहती है। मोदी आएंगे, शाह आएंगे, सभी लोग आएंगे। मोदी आएं और पूरा प्रयास कर लें, हम अपना प्रयास कर रहे हैं। यहां मेरा और जनता का मुकाबला BJP से है।’

भोपाल में रविवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मीडिया से बातचीत में कमलनाथ ने कहा, ‘मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के पास कुछ बचा नहीं है। वे मेंढक, बंदर, सांप कह रहे हैं। बौखलाए हैं। उनके पास सिर्फ पुलिस, प्रशासन और पैसा बचा है।’ कमलनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मिस्र दौरे और मस्जिद विजिट पर कहा, ‘मोदी जी मस्जिद, चर्च… जहां भी चाहें, वहां चले जाएं। कोई उन पर विश्वास कर सकता है क्या? आज का मतदाता बहुत समझदार है।’

कमलनाथ के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए BJP के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने उन्हें आपातकाल की याद दिलाई। शर्मा ने कहा, ‘आपातकाल के दौरान कांग्रेस ने लोकतंत्र को कुचला है। संजय गांधी ने शकुनि की भांति पांसे फेंके थे। कमलनाथ ने भी लोकतंत्र का गला घोंटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। कमलनाथ से पूछना चाहते हैं कि आपकी 84 के दंगों में क्या भूमिका थी? देश के बुरे इतिहास में मुगलों, अंग्रेजों के साथ कांग्रेस का नाम भी लिखा जाएगा।’

2019 में पाकिस्तान की बात की, अब चीन की करेंगे

कमलनाथ कांग्रेस दफ्तर में मप्र कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग के प्रांतीय अधिवेशन में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि पहले सैनिकों के भक्त हुआ करते थे, लेकिन आज मोदी भक्ति चल रही है। सर्जिकल स्ट्राइक जनता का ध्यान मोड़ने के लिए लाया गया मुद्दा है। जनता को इमोशनल करेंगे। 2019 में पाकिस्तान की बात की, अगले चुनाव में चीन की बात करेंगे। कमलनाथ ने पूर्व सैनिकों के बीच कहा, ‘4 महीने बाद कांग्रेस की सरकार बनने वाली है। आपका आई कार्ड ही मंत्रालय का गेट पास होगा।’

MP में जल्द होगा राहुल-प्रियंका का दौरा
कमलनाथ ने कहा, ‘राहुल गांधी और प्रियंका गांधी MP आएंगे। हम उनका दौरा कार्यक्रम तय कर रहे हैं।’ उन्होंने कहा, ‘आज करोड़ों रुपए के भ्रष्टाचार के मामले की खबर छपी है। भोपाल RTO की है। हर विभाग में यही हाल है। डेली बेसिस पर भ्रष्टाचार हो रहा है। मैं मंडला में था, वहां बताया गया कि पैसे दो और काम लो की स्थिति है।’

डिप्टी कलेक्टर निशा बांगरे मामले में बोले- यह तानाशाही
डिप्टी कलेक्टर निशा बांगरे केस में PCC चीफ ने कहा, ‘यह बहुत दुख की बात है। SC वर्ग की महिला अधिकारी हैं। उनसे ऐसा व्यवहार किया जा रहा है, यह तानाशाही चल रही है। वे कोई राजनीति नहीं कर रहीं। अपने गृह प्रवेश का कार्यक्रम कर रही हैं। उन्हें वहां जाने से रोका गया। जहां पोस्टिंग हुई, वहां मकान भी नहीं मिला।’

बैतूल के आमला की रहने वाली निशा बांगरे छतरपुर के लवकुशनगर में SDM थीं। आमला में सर्वधर्म सम्मेलन में शामिल होने के लिए छुट्‌टी नहीं मिलने पर उन्होंने इस्तीफा दे दिया है।

कांग्रेस में टिकट वितरण पर बोले- हेलिकॉप्टर लैंडिंग नहीं होगी

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, ‘MP चुनाव के लिए टिकट का फॉर्मूला तैयार है। 3500 से अधिक आवेदन आए हैं। टिकट के लिए तेरा-मेरा नहीं चलेगा। सर्वे और स्थानीय लोगों की राय के आधार पर टिकट तय किए जाएंगे। हम और AICC दोनों अलग-अलग सर्वे करा रहे हैं। इसमें हम स्थानीय लोगों की राय को महत्व देंगे। सब कह रहे हैं कि हम जीतेंगे। भाजपा से बहुत से लोग आना चाहते हैं। भाजपा से आने वालों को मैंने कहा है कि स्थानीय कांग्रेस से चर्चा करें। हेलिकॉप्टर लैंडिंग नहीं होगी।’

3 लाख 30 हजार करोड़ रुपए का कर्ज का फायदा किसे

कमलनाथ आउटसोर्स कर्मचारी सम्मेलन में भी शामिल हुए। उन्होंने कहा, ‘सरकार ने 3 लाख 30 हजार करोड़ रुपए का कर्ज लिया। आउटसोर्स कर्मचारी, अतिथि शिक्षक, संविदा कर्मचारियों को फायदा पहुंचा है क्या? इन्होंने बड़े-बड़े ठेके दिए 25% एडवांस देकर। कमीशन जेब में रख लिया।

‘मध्यप्रदेश के मन में मोदी’ होगी PM के रोड शो की थीम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 जून को मध्यप्रदेश आ रहे हैं। इस दौरान वे भोपाल में रोड शो भी करेंगे। भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने बताया, ‘इस रोड शो की थीम ‘मध्यप्रदेश के मन में मोदी’ रखी गई है। इसी थीम पर मध्यप्रदेश के नागरिक उनका भव्य स्वागत करेंगे। PM मोदी के इस दौरे के साथ हमारी चुनावी तैयारियां शुरू हो गई हैं।’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!