गुना

चाचौड़ा से भाजपा ने नए चेहरे पर दांव खेला: 235 वोटों से वो जिला पंचायत का चुनाव हार गई थी

गुना डेस्क :

भाजपा ने लगभग चौंकाते हुए आगामी विधानसभा चुनावों के लिए गुरुवार को प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी। 39 सीटों पर भाजपा ने अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। गुना जिले की चांचौड़ा सीट से प्रत्याशी घोषित कर दिया है। यहां से प्रियंका मीना(पेंची) को टिकट दिया गया है। भाजपा ने नए चेहरे पर दांव खेला है।

गुरुवार दोपहर 4 बजे के आसपास भाजपा की पहली सूची सामने आई। भाजपा ने 39 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए। ये सभी 39 सीटें वे हैं, जहां से वर्तमान में कांग्रेस विधायक हैं। वहीं कुछ सीटें ऐसी हैं, जहां पिछली दो बार से भाजपा नहीं जीत पाई है। भाजपा ने इन सीटों को आकांक्षी की श्रेणी में भी रखा था।

गुना की हॉट सीट मानी जा रही चांचौड़ा विधानसभा से भी प्रत्याशी की घोषणा कर दी गयी है। यहां से भाजपा जिला मंत्री प्रियंका पेंची को टिकट दिया है। प्रियंका पेंची पिछले 4 वर्षों से क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। जिला पंचायत चुनाव में भी उन्होंने सबको चौंका दिया था। यहां पूर्व विधायक ममता मीना, निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष अर्चना चौहान मैदान में थीं। हालांकि, वह महज 235 वोटों से वो चुनाव हार गई थीं, लेकिन पहली बार में ही उन्होंने दिग्गजों को टक्कर देकर अपनी एक छाप जनता और नेताओं के बीच में छोड़ी थी। भाजपा ने चांचौड़ा में नए चेहरे पर विश्वास जताया है। क्षेत्र में उनकी पहचान एक सौम्य और मृदुभाषी नेता के रूप में हैं। इसी का सबसे बड़ा फायदा उन्हें मिला है।

भाजपा से पूर्व विधायक ममता मीना, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष अनिरुद्ध मीना प्रबल दावेदार माने जा रहे थे। ममता मीना पिछला विधानसभा चुनाव हार गईं थी। वहीं कई विवादों में भी उनका नाम जुड़ा था। यही कारण रहा कि वह टिकट पाने में पिछड़ गयीं। अनिरुद्ध मीना दावेदारी जरूर कर रहे थे, लेकिन विधानसभा क्षेत्र में उनकी उतनी पकड़ नहीं थी। इस वजह से वह टिकट से वंचित रह गए।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!