दिग्गी राजा ने ज्योतिरादित्य सिंधिया पर कसा तंज बोले- हे महाकाल! कांग्रेस में दूसरा सिंधिया न हो…: कहा- ST-SC विधायकों ने 50 करोड़ ठुकरा दिए, बड़े-बड़े महाराज बिक गए
उज्जैन डेस्क :
उज्जैन पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ज्योतिरादित्य सिंधिया पर कटाक्ष करते हुए कहा- हे भगवान! हे महाकाल! कांग्रेस में दूसरा ज्योतिरादित्य सिंधिया पैदा न हो। 15 महीने में हमारे धनाढ्य विधायक कमाई में लग गए और बिक गए। हमारे अनुसूचित जाति-जनजाति के विधायकों को भी ऑफर आए थे। 50 करोड़ के ऑफर ठुकरा दिए, लेकिन बड़े-बड़े महाराजा बिक गए। आगामी चुनाव में विशेष ख्याल रखेंगे कि इस बार हमारा प्रत्याशी टिकाऊ हो, ना कि बिकाऊ।
पूर्व सीएम शुक्रवार को दो दिवसीय प्रवास पर उज्जैन पहुंचे। मीडिया से चर्चा में उनके निशाने पर सिंधिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रहे। जम्मू कश्मीर में आतंकी घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोटबंदी के बाद कहा था कि इससे आतंकी घटनाएं रूक जाएंगी। आतंकी हमले पहले घाटी में होते थे, अब जम्मू तक पहुंच गए हैं। 370 हटाने के बाद रक्षा मंत्रालय और गृह मंत्रालय के आंकड़े बता रहे हैं कि आतंकवादी घटनाएं बढ़ी हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा- जम्मू में हुई आतंकवादी घटनाओं में चाइना के कारतूस भी मिले हैं। ये नई बात सामने आई है कि चीन की ओर से भी आतंकवादी गतिविधियों को समर्थन दिया जा रहा है।
महाकाल मंदिर में अब दर्शन के रुपए लगते हैं
दिग्विजय ने महाकाल लोक को लेकर कहा कि इसके लिए कमलनाथ सरकार ने 350 करोड़ रुपए की मंजूरी दी थी। अब देखिए जो भी ठेकेदार आएगा, वो गुजरात का रहता है। ओंकारेश्वर में शंकराचार्य की मूर्ति का काम भी गुजरात के ठेकेदार को मिला है। पहले नि:शुल्क दर्शन होते थे, अब गर्भगृह के 700, शीघ्र दर्शन के 250 और भस्म आरती के 200 रुपए लगते हैं। महाकाल मंदिर के आसपास की जमीन RSS ने ले ली और पूरी तरह से व्यवसायीकरण कर दिया गया है। ऐसा इसलिए, क्योंकि इनकी मानसिकता ही व्यवसायिक है। हमारी सरकार बनी तो फिजूलखर्ची रोकी जाएगी।
सीएम की 2100 घोषणाएं पूरी नहीं हुईं
दिग्गी ने सीएम शिवराज पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने 2100 घोषणाएं कीं, लेकिन इन पर अमल नहीं हुआ। इसकी सूची जल्द आपको दी जाएगी। प्रदेश के बढ़ते कर्ज को लेकर कहा- मैंने मुख्यमंत्री पद छोड़ा था, तब प्रदेश पर 23 हजार करोड़ रुपए का कर्ज था। अब 3.50 लाख करोड़ रुपए का कर्ज है।
पार्टी कार्यकर्ताओं-पदाधिकारियों के साथ की बैठक
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह दो दिन के लिए उज्जैन दौरे पर हैं। निर्धारित कार्यक्रम अनुसार सुबह होटल श्रीगंगा में पत्रकार वार्ता के बाद वे दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के मंडल, सेक्टर, कार्यकर्ताओं की बैठक में शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने नगर पालिका, जनपद, जिला पंचायत के चुने गए सदस्यों, किसान कांग्रेस, एनएसयूआई, कांग्रेस आईटी सेल, वरिष्ठ, कनिष्ठ, पूर्व व वर्तमान कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारियों के साथ बैठक की। यह बैठक महाकाल रोड स्थित होटल केजीसी पर हुई। पूर्व मुख्यमंत्री 22 अप्रैल को शहर से रवाना होने के पहले महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए भी पहुंचेंगे। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए उज्जैन उत्तर और दक्षिण के कार्यकर्ता और पदाधिकारियों के साथ उनकी यह बैठक बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।



