गुना

गुना में 12वीं की छात्रा पर गोली चलाने वाले युवक की मौत: दोपहर में स्कूल में घुसकर फायर किया, रात को मिली डेड बॉडी

गुना डेस्क :

मध्यप्रदेश के गुना में एक युवक ने पहले स्कूल में घुसकर 12वीं की छात्रा पर गोली चला दी और फिर रात करीब 9 बजे वह रेलवे पटरी के पास पड़ा मिला। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मामला गुना में रविवार दोपहर का है। जहां नजूल कॉलोनी स्थित डीएनडी कॉन्वेंट स्कूल में 12वीं के स्टूडेंट्स की फेयरवेल पार्टी चल रही थी। तभी राहुल कुशवाह (20) नाम का युवक स्कूल आया। उसने 12वीं की छात्रा वर्षा सेन को बाहर बुलाया। वह लड़की पर बात करने का दबाव बना रहा था, बात नहीं मानने पर गुस्साए राहुल ने स्कूल के अंदर घुसकर कट्टे से लड़की पर गोली चला दी। ये घटना दोपहर करीब 3 बजे की है। अच्छी बात ये रही कि गोली छात्रा के पास से गुजर गई। हाथ में छर्रे लगने से छात्रा घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

CSP श्वेता गुप्ता ने बताया कि रात करीब 9 बजे छात्रा पर गोली चलाने वाला आरोपी राहुल कुशवाह शहर से करीब 10 से 11 किलोमीटर दूर महुगढ़ा में रेलवे पटरी के पास पड़ा मिला। उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसकी मौत कैसे हुई। CSP श्वेता गुप्ता ने बताया कि पीएम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा की उसकी मौत कैसे हुई है।

पीड़ित छात्रा ने बताई आपबीती…

लड़की की जुबानी पूरी वारदात…

‘मेरा नाम वर्षा सेन है। उम्र 19 साल है। शहराेक की रहने वाली हूं। डीएनडी कॉन्वेंट स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ती हूं। रविवार को स्कूल के ग्राउंड में 12वीं के स्टूडेंट्स की फेयरवेल पार्टी चल रही थी। यहां मैं भी दोस्तों के साथ मौजूद थी। दोपहर करीब 3 बजे की बात है। एक बच्चे ने मुझे आकर कहा कि स्कूल के गेट के बाहर कोई बुला रहा है। मैं जब बाहर पहुंची, तो शहरोक का ही रहने वाला राहुल कुशवाह (20) खड़ा था। वह मुझ पर बात करने के लिए दबाव बना रहा था। मैं बात करना नहीं चाहती थी। इसी दौरान मैंने उसकी जेब में रखा कट्‌टा देख लिया। यह देख मैं स्कूल के गेट के अंदर चली आई और भाई को कॉल करने लगी। इसी बीच, राहुल स्कूल के गेट के अंदर घुसा और पीछे से गोली चला दी। गोली मेरे हाथ के पास से गुजर गई। गोली के छर्रे मेरे हाथ में लगे। आवाज सुनकर वहां अफरा-तफरी मच गई। राहुल कट्‌टे को छोड़कर फरार हो गया।’

बात नहीं करने पर दी धमकी

लड़की ने कहा कि राहुल आए दिन परेशान करता है। वह बात करने की जिद करता है। एक-दो बार मैंने उससे बात कर ली। इस बात का घर पर पता चला, तो बात करना बंद कर दिया। फिर भी वह बात करने की जिद करता है। राहुल ने धमकी दी कि बात नहीं करोगी तो या तेरे भाइयों को मार दूंगा, या फिर तुझे मार डालूंगा। ‘

घटना का सीसीटीवी आया सामने

इस घटना का CCTV भी सामने आया है। वीडियो में लड़का पहले काफी देर तक स्कूल के बाहर खड़ा दिख रहा है। इसके बाद हाथ में कट्टा लेकर स्कूल में अंदर जाते दिख रहा है। लड़की स्कूल के मेन गेट तक भी आती दिखाई दे रही है। इसके बाद वह अंदर भागती है। राहुल भी उसके पीछे ही अंदर जाता दिखाई देता है। इसके बाद फायर की आवाज आती है। इसके बाद लड़का स्कूल से निकलकर भाग गया।

वारदात से पहले होटल में गया था लड़का

सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने स्कूल का जायजा लिया। फायर में उपयोग किए गए कट्टे को बरामद कर लिया है। पुलिस ने लड़की के बयान भी लिए हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार आरोपी पहले एक प्राइवेट होटल में गया। यहां उसने शराब पी। इसके बाद बाइक से स्कूल पहुंचकर घटना को अंजाम दिया है।

CSP श्वेता गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने कट्टा बरामद कर लिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!