सीहोर

ब्रेकिंग न्यूज़ – तेंदुए के हमले में पुलिसकर्मी समेत 5 घायल: खरगोन में ग्रामीणों ने तेंदुए को मार डाला

सीहोर डेस्क :

सीहोर जिले के एक गांव में शुक्रवार को तेंदुआ घुस आया। तेंदुए के हमले में पुलिसकर्मी समेत 5 ग्रामीण घायल हो गए। वन विभाग की टीम ने लोगों की मदद से गंभीर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गांव में तेंदुए के घुसने की जानकारी मिलते ही लोगों ने दरवाजा बंद कर खुद को घरों में कैद कर लिया। दूसरी घटना खरगोन की है, जहां ग्रामीणों ने तेंदुए को पीट-पीटकर मार डाला।

जानकारी के अनुसार इछावर थाना क्षेत्र के ग्राम मोया पानी में सुबह करीब 9 बजे ग्रामीण अपने काम में जुटे हुए थे, तभी अचानक एक तेंदुआ गली में नजर आया। तेंदुए को देखकर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। ग्रामीणों को देख तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। 6 से ज्यादा मवेशियों पर भी हमला किया। करीब एक घंटे बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग के डीएफओ एमएस डावर ने बताया कि तेंदुए के रेस्क्यू के लिए टीम के साथ जुटे हुए हैं। हमले में पठान सिंह (32) बारेला पिता धूलसिंह, सविता बाई (10) पुत्री रेमलाल और शेखर बारेला समेत 5 लाेग घायल हैं।

तेंदुए ने युवक पर हमला किया तो ग्रामीणों ने घेरकर मारा

खरगोन जिले की चिरिया वन रेंज में शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 6 बजे ग्रामीणों ने एक तेंदुए को पीट-पीटकर मार डाला। तेंदुए ने एक युवक पर हमला कर दिया था। आक्रोशित ग्रामीणों ने उसे घेरा और पत्थर, लाठी और डंडों से हमला कर दिया। घटना झिरन्या थाना क्षेत्र के नान कोड़ी और चैनपुर के बीच जंगल की है। डीएफओ प्रशांत कुमार सिंह का कहना है कि प्रारंभिक पड़ताल में ग्रामीणों द्वारा तेंदुए पर हमले की की बात सामने आई है। करीब 3 से चार साल के तेंदुए ने अचानक जंगल में ग्रामीण उमेश डावर पर हमला कर दिया था। मौके पर डॉग स्क्वायड को भी भेजा गया है। तेंदुए का पोस्टमॉर्टम भी कराया जाएगा। इसके बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाएंगे। इधर, ग्रामीण घायल ने भी तेंदुए के हमले की पुष्टि की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!