पशुपालन राज्य मंत्री के बंगले के सामने आत्महत्या की कोशिश: युवक का आरोप- मंत्री का भतीजा धमका रहा, लखन पटेल बोले- मेरा लेना-देना नहीं

न्यूज़ डेस्क :
दमोह में शनिवार को एक युवक ने पशुपालन राज्य मंत्री लखन पटेल के बंगले के सामने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की। इस दौरान लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जिस पर मौके पर पहुंची पुलिस युवक को पकड़कर थाने ले गई।
युवक का आरोप है कि मंत्री का भतीजा उसे धमका रहा है। वहीं मंत्री लखन पटेल की ओर से कहा गया कि इस मामले में उनका कोई लेना देना नहीं है।
पैसे लेकर लौटा नहीं रहा मंत्री का भतीजा
आत्मदाह की कोशिश करने वाले युवक का नाम लखन गडरिया है। वह पथरिया विधानसभा क्षेत्र के सीता नगर का रखने वाला है। उसने आरोप लगाया कि मंत्री लखन पटेल के साले के बेटे नितेश पटेल को उसने फोन पे पर तीन बार में 30 हजार, 30 हजार और 6 हजार रुपए मिलाकर कुल 66 हजार रुपए दिए थे। अब जब वह अपने पैसे मांग रहा है तो नितेश पटेल उसे धमका रहा है।
युवक का आरोप है कि वह जब भी अपने पैसे मांगता है तो मंत्री का भतीजा नितेश पटेल कहता है, मेरे फूफा मंत्री हैं। पूरे प्रदेश में मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। इसी बात से दुखी होकर मैंने मंत्री के घर के सामने आत्मदाह करने का फैसला लिया।

कोतवाली टीआई आनंद सिंह का कहना है कि युवक आत्मदाह करने की कोशिश कर रहा था। उसे पकड़ लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।
मंत्री बोले- ठेकेदारी की पार्टनरशिप के लेनदेन का है मामला
इस मामले में राज्य मंत्री लखन पटेल का कहना है कि मैं अपने घर में ही था। मुझे भी पता नहीं चला कि यह पूरा घटनाक्रम घर के बाहर हो गया। बाद में वाट्सएप के जरिए जानकारी मिली। जब जानकारी जुटाई तो पता चला कि जिस युवक ने आत्मदाह करने की कोशिश की, वह और दूसरा नितेश पटेल यह दोनों कटनी में ठेकेदारी करते थे।
मंत्री ने कहा- उनके बीच ठेकेदारी के बिल भुगतान का लेनदेन हुआ है, जो राशि फोन पे से दी गई है। इसके अलावा भी एक लाख रुपए का चेक भी लखन ने नितेश पटेल को दिया है। नितेश पटेल मेरा करीबी रिश्तेदार नहीं है, लेकिन समाज के नाते कहीं ना कहीं से रिश्तेदार जरूर लगता है। मैं दोनों को जानता हूं, क्योंकि दोनों मेरे क्षेत्र के हैं। अब इसकी सच्चाई पुलिस खुद उस युवक के माध्यम से सबके सामने रख देगी। मेरा इस पूरे मामले में कहीं कोई लेना-देना नहीं।




