मध्यप्रदेश

मध्यप्रदेश में पुलिस पर महिलाओं ने फेंकी चूड़ियां, चक्काजाम किया: युवक की हत्या पर प्रदर्शन; आरोपियों के घर गिराने की मांग

न्यूज़ डेस्क :

सागर में युवक की हत्या के विरोध में परिजन ने स्थानीय लोगों के साथ चक्काजाम कर दिया। कोतवाली थाने के सामने शव रखकर प्रदर्शन किया। वे आरोपियों के घर गिराने की मांग कर रहे थे। महिलाओं ने पुलिस पर चूड़ियां फेंककर विरोध भी जताया।

आर्थिक मदद का आश्वासन मिलने और नगर निगम अमले के आरोपियों के मकान तोड़ने के लिए रवाना होने के बाद ही लोग अंतिम संस्कार के लिए माने।

इधर, कोतवाली पुलिस ने युवक हत्या के तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। तीनों आरोपी नाबालिग हैं। उनकी उम्र 13 से 16 साल के बीच की है।

दरअसल, कोतवाली थाने से 50 मीटर दूर चकराघाट पर शुक्रवार रात 9.30 बजे 3 बदमाशों ने युवक को घेरकर हत्या कर दी थी। चकराघाट निवासी 29 वर्षीय अमित उर्फ अम्मू दुबे और उसका साथी धनुषधारी मंदिर के सामने किराना दुकान पर खड़े थे। इसी दौरान दो तरफ से आए बदमाशों ने अमित को पेट में बाईं तरफ छुरा मार दिया। वह भागकर चाय की दुकान पर पहुंचा और गिर गया। भीड़ देखकर आरोपी भाग निकले।

परिजन मौके पर पहुंचे। घायल को ऑटो से मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले युवक का बदमाशों से राह चलते झगड़ा हुआ था।

मुख्य आरोपी का पिता हिरासत में

बदमाशों की तलाश में देर रात पुलिस ने कई ठिकानों पर दबिश दी। मुख्य आरोपी के पिता को हिरासत में लिया है। वारदात में चौरसिया, सोनी और रैकवार समाज के तीन लड़कों के नाम सामने आए हैं।

2 साल पहले हुई थी शादी

अमित की 2 साल पहले ही शादी हुई थी। बच्चे नहीं हैं। शादी के बाद अमित कदंब कुआं के पास किराए के मकान में रह रहा था। दो भाइयों में बड़ा था। एक बहन भी है। मां का निधन हो चुका है। अमित पहले टोल नाके पर काम करता था।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!