उज्जैन

उज्जैन में घर के बाहर खेलते वक्त 4 साल के बच्चे पर चढ़ाई कार: हाथ में फ्रैक्चर और पेट में आई चोट

उज्जैन डेस्क :

उज्जैन में घर के बाहर खेल रहे बच्चे पर एक शख्स ने कार चढ़ा दी। हादसे के वक्त बच्चा वहां खेल रहा था। हालांकि अच्छी बात ये रही कि उसे ज्यादा चोट नहीं आई और उसकी जान बच गई। उसका हाथ फ्रैक्चर है और पेट में चोट आई है। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। जिसे देखने के बाद हर कोई बच्चे के बचने को चमत्कार मानकर ईश्वर को शुक्रिया कह रहा है।

कार का पहिया ऊपर से गुजरा
घटना माधव नगर क्षेत्र की है। यहां बागपुरा में रोशन पुत्र रामदयाल जाटव परिवार के साथ रहते हैं। वे प्राइवेट अस्पताल में मेल नर्स हैं। गुरुवार दोपहर को करीब साढ़े तीन बजे वे अस्पताल में थे। पत्नी घर के अंदर थी। उनका 4 साल का बेटा सुलक्ष घर के सामने खेल रहा था। उसके दादा और पड़ोसी भी बाहर बैठे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रही कार ने मोड़ पर बच्चे को चपेट में ले लिया। कार का अगला पहिया उसके ऊपर से गुजर गया।

यह देख बच्चे के दादा और पड़ोसी दौड़े। उन्होंने तुरंत कार को रुकवाया। परिजन बच्चे को लेकर तुरंत अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच की तो उसके हाथ में फ्रैक्चर मिला और पेट में अंदरुनी चोट भी मिली हैं। हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर मौके से भाग निकला। उसकी पहचान चेतन वाड़िया के रूप में हुई है।

बहन से मिलने आया था आरोपी
आरोपी चेतन वाड़िया पेशे से ड्राइवर है। यहां उसकी बहन रहती है। गुरुवार को वह बहन से मिलने आया था। कार भी किसी दूसरे की थी। घटना के बाद बच्चे के परिजन आरोपी की बहन से शिकायत करने पहुंचे। यहां बहन ने भाई को दोषी नहीं माना। उल्टा बच्चे पर ही आरोप लगा दिया।

सीसीटीवी में सच आया सामने
घटना के बाद मोहल्ले में लगे सीसीटीवी देखे गए। इसमें आरोपी कार का अगला पहिया बच्चे पर चढ़ाते दिख रहा रहा है। उसकी बहन ने भी फुटेज देखने के बाद सच्चाई को माना। इसके बाद आरोपी के खिलाफ माधवनगर थाने में केस दर्ज कराया। फिलहाल वह फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!