मौसम अपडेट: कई दशकों में अक्टूबर में सिर्फ 3 बार पड़ी तेज ठंड, 17 साल में सिर्फ दो बार ही पारा 14 डिग्री से नीचे पहुंचा

भोपाल डेस्क :
मंगलवार को अक्टूबर बीत जाएगा। शहर में 52 साल में अक्टूबर में सिर्फ तीन बार ही तेज ठंड पड़ी। 17 साल में सिर्फ दो बार 2012 और 2021 में ही रात का तापमान 14 डिग्री से नीचे पहुंच सका। इस बार अक्टूबर में अच्छी ठंड पड़ी, लेकिन न्यूनतम तापमान एक बार भी 14 डिग्री से नीचे नहीं आ सका। इस साल अक्टूबर में सबसे कम तापमान 14.7 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. जीडी मिश्रा और एके शुक्ला ने बताया कि 27 अक्टूबर 1971 को रात का तापमान 11.7 डिग्री दर्ज किया गया था। भोपाल में अक्टूबर में रात के सबसे कम तापमान का यह ऑल टाइम रिकॉर्ड है। पिछले दो दशक से आए बदलाव के बाद यह ट्रेंड है कि अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में गुलाबी ठंड शुरू होती है।

दिन-रात के तापमान में मामूली गिरावट
शहर में सोमवार को दिन और रात के तापमान में मामूली गिरावट हुई। दिन का तापमान 32.3 डिग्री दर्ज किया गया। रविवार के मुकाबले इसमें 0.3 डिग्री की कमी आई। यह सामान्य से एक डिग्री ज्यादा रहा। शाम 4 बजे के बाद धूप की तीव्रता कम हो गई थी। रात का तापमान 15.2 डिग्री दर्ज किया गया। 24 घंटे में इसमें भी 0.2 डिग्री की गिरावट हुई। यह सामान्य से 1 डिग्री कम रहा। इधर, छत्तीसगढ़ से सटे प्रदेश के कुछ हिस्सों में प्रति चक्रवात बन गया है। इस कारण हवा का रुख भी बदल गया है।
आज तापमान में बढ़ोतरी के आसार
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मंगलवार को दिन और रात के तापमान में मामूली इजाफा होने की संभावना है।



