विदिशा

विदिशा बना नशा मुक्ति अभियान का प्रेरणास्रोत, “नशे से दूरी है जरूरी” समापन समारोह भव्यता के साथ सम्पन्न

विदिशा डेस्क :

“नशे से दूरी है जरूरी” जन-जागरूकता अभियान का भव्य समापन बुधवार को रविन्द्रनाथ टैगोर सांस्कृतिक भवन, विदिशा में सम्पन्न हुआ। यह विशेष अभियान मध्यप्रदेश पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाना के निर्देशन और पुलिस मुख्यालय, भोपाल के मार्गदर्शन में 15 से 30 जुलाई तक प्रदेशभर में चलाया गया। विदिशा जिले में इस जन आंदोलन का सफल संचालन पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी और नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चैबे के नेतृत्व में हुआ, जिसने प्रदेशभर में नई मिसाल कायम की।

जागरूकता का नया कीर्तिमान

विदिशा में अभियान के दौरान 350 से अधिक कार्यक्रमों के माध्यम से एक लाख से ज्यादा नागरिकों तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाया गया। 78,000 से अधिक नागरिकों ने नशा न करने की शपथ ली, जबकि 50,000 से अधिक लोगों ने हस्ताक्षर कर इस जन अभियान में सक्रिय सहभागिता दर्ज की। इन उपलब्धियों के साथ विदिशा पूरे प्रदेश में जनजागरूकता का केंद्र बनकर उभरा।

समापन समारोह की झलकियाँ

समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन व अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। मुख्य अतिथियों द्वारा “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान पर आधारित वीडियो क्लिप का लोकार्पण किया गया, जिसमें नशे के दुष्प्रभावों को सजीव अभिनय के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय द्वारा नुक्कड़ नाटक और वात्सल्य स्कूल द्वारा बैंड प्रस्तुति ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिए।

गरिमामयी उपस्थिति और प्रेरक संदेश

समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीता कैलाश रघुवंशी, विधायक श्री मुकेश टंडन, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रीति शर्मा, पुलिस महानिरीक्षक श्री अभय सिंह, कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता सहित जिले के तमाम प्रशासनिक व सामाजिक प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आईजी श्री अभय सिंह ने कहा, “यह केवल एक पुलिस अभियान नहीं बल्कि समाज की सामूहिक चेतना का परिणाम है। विदिशा ने इसे एक प्रेरणादायी जन आंदोलन में बदल दिया है।”

प्रदर्शनी, स्टॉल्स और समाजसेवी सहभागिता

समारोह में ब्रह्मकुमारी, गायत्री परिवार, सामाजिक न्याय विभाग, महिला थाना, सीनियर सिटीजन पुलिस पंचायत, साइबर सेल आदि द्वारा जागरूकता स्टॉल्स लगाए गए। अतिथियों ने स्टॉल्स का अवलोकन कर उनके प्रयासों की सराहना की।

सम्मान समारोह और पुरस्कार वितरण

अभियान के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों व समाजसेवियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सीनियर सिटीजन पुलिस पंचायत के सदस्यों को पहचान-पत्र भी वितरित किए गए। निबंध, स्लोगन व पेंटिंग प्रतियोगिता के विजेताओं को नगद पुरस्कार प्रदान किए गए।

सोशल मीडिया प्रतियोगिता में भी दिखी रचनात्मकता

विदिशा पुलिस द्वारा आयोजित सोशल मीडिया प्रतियोगिता में भी युवाओं ने उत्साह से भाग लिया। इसमें प्रथम पुरस्कार ₹11,000, द्वितीय ₹5,000 तथा तृतीय ₹3,000 की घोषणा की गई।

समापन पर संदेश

इस अभियान ने एक बार फिर साबित किया कि यदि संकल्प सामूहिक हो तो सामाजिक परिवर्तन असंभव नहीं। “नशे से दूरी है जरूरी” केवल एक नारा नहीं, बल्कि विदिशा में यह जनचेतना का आंदोलन बन चुका है – एक ऐसा प्रयास, जिसे बाकी जिलों के लिए आदर्श माना जा सकता है।

News Update 24x7

Related Articles

error: Content is protected !!