
विदिशा डेस्क:
विदिशा में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। खुद को सांप रेस्क्यू करने वाला बताने वाला युवक पूरे मोहल्ले में दहशत फैला रहा है। मोहल्लेवासियों का आरोप है कि युवक पहले चुपचाप उनके घरों में सांप छोड़ता है और फिर उन्हें पकड़ने के नाम पर रुपए वसूलता है।
स्नेक कैचर ने घर में छोड़े नाग-नागिन
शुक्रवार रात को रीठा फाटक रोड स्थित आशु खान के घर में आरोपी हाफिज कुरैशी ने एक जहरीला सांप का जोड़ा छोड़ दिया। इससे घर में मौजूद परिवार के लोगों में दहशत में आ गए। इसके बाद पड़ोसियों ने मिलकर सांपों को पकड़ा और नाग को पकड़कर एक जार में बंद कर दिया वहीं नागिन को मारना पड़ा।

शिकायत लेकर थाने पहुंचे लोग
पीड़ित परिवार और मोहल्ले के लोग कोतवाली थाना पहुंचे। उन्होंने पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। साथ ही आरोपी हाफिज कुरैशी की वीडियो भी पुलिस को सौंपी। वीडियो में उसे रात के अंधेरे में सांप छोड़ते हुए दिखाई दे रहा है।
मोहल्ले के लोगों को धमकाया
पीड़ित आशु खान ने बताया कि हाफिज कुरैशी पिछले एक साल से मोहल्ले में दहशत फैला रहा है। वह लोगों को धमकाता है कि वह उनके घर में जहरीले सांप छोड़ेगा। पड़ोस में एक शादी है, वहां भी उसने धमकी दी है कि बारात में आए लोगों को सांप से कटवा देगा।
सांप पकड़ने के मांगता है 1 हजार रुपए
मोहल्ले के अन्य लोगों ने बताया कि हाफिज पहले घर में सांप छोड़कर फिर पकड़ने के एवज में 1 हजार रुपए की मांग करता है। उसकी हरकतों से पूरा मोहल्ला परेशान है और दहशत में जी रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
जांच के बाद करेंगे कार्रवाई
थाना प्रभारी आनंद राज ने बताया कि रीठा फाटक रोड निवासी हाफिज कुरैशी के खिलाफ शिकायत प्राप्त हुई है। वह सांप पकड़ने का कार्य करता है। लेकिन उसके शराब पीकर मोहल्ले में उपद्रव करने और घरों में सांप छोड़ने की शिकायतें आई हैं। मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



