लटेरी में अवैध शराब का जाल! जन चेतना मंच की तत्परता से बोलेरो वाहन पकड़ा, अवैध शराब के साथ पुलिस को सौंपा

लटेरी डेस्क:
एक ओर मध्य प्रदेश सरकार द्वारा राज्यभर में नशा मुक्ति अभियान को तेज़ी से चलाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर लटेरी तहसील के ग्रामीण अंचलों में यह मुहिम पूरी तरह विफल होती नजर आ रही है। सरकार की तमाम कोशिशों के बावजूद लटेरी के गांवों में अवैध शराब कारोबार दिन दूनी रात चौगुनी रफ्तार से फल-फूल रहा है।
ताजा मामला मुरारिया गांव के पास सामने आया, जहां सामाजिक संगठन जन चेतना मंच की सक्रियता से एक बोलेरो वाहन पकड़ा गया जो गाय को टक्कर मारकर भाग रहा था। ग्रामीणों को जब वाहन की गतिविधियों पर संदेह हुआ तो उसे रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें चार पेटी अवैध शराब और एक पेटी बीयर बरामद हुई।

जन चेतना मंच की प्रतिशत अध्यक्ष विनेश मालवीय ने बताया कि बोलेरो में दो युवक सवार थे, जो कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए। पूछताछ में पता चला कि वाहन में रखी शराब लटेरी ठेके की है, लेकिन इसकी ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध आपूर्ति की जा रही थी। उन्होंने बताया कि इससे गांवों में युवा पीढ़ी तेजी से नशे की चपेट में आ रही है।
समस्त ग्रामीणों और मुरारिया टीम के सहयोग से वाहन को थाना मुरवास ले जाया गया, जहां एफआईआर दर्ज कराकर वाहन पुलिस के हवाले कर दिया गया।

जन चेतना मंच ने प्रशासन से इस तरह की अवैध शराब आपूर्ति पर सख्त कार्रवाई की मांग की है और चेताया है कि यदि शीघ्र प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो ग्रामीण स्तर पर आंदोलन भी किया जाएगा।
यह घटना एक बार फिर सवाल खड़े करती है कि क्या सरकार की नशा मुक्ति योजना केवल कागज़ों पर ही सीमित है, जबकि हकीकत में अवैध नशा कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं।



