प्रदेश मुख्यालय के बाहर जीत का पोस्टर: दिग्गी राजाका दावा- 130 सीट जीतेंगे, अब गद्दार भी नहीं है: कमलनाथ ने कहा- एग्ज़िट पोल कुछ नहीं, मतदाताओं पर भरोसा

न्यूज़ डेस्क :
मध्यप्रदेश में किसकी सरकार होगी? तस्वीर कल नतीजे आने के बाद साफ हो जाएगी। मतगणना से एक दिन पहले BJP – कांग्रेस अपनी – अपनी जीत के दावे कर रही है। भोपाल में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा, ‘मुझे एग्जिट पोल से मतलब नहीं, मध्यप्रदेश की जनता पर पूरा भरोसा है। कल लंबी चर्चा करेंगे। आज कुछ बोलने की आवश्यकता नहीं है।’ वहीं, इंदौर विधायक संजय शुक्ला ने कहा- जीत के बाद सभी को भोपाल बुलाया है।
निर्दलीय प्रत्याशियों से बात करने के सवाल पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘इसकी कोई आवश्यकता नहीं है।’ निर्दलीय प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी पर बोले, ‘भाजपा के पास इतनी सीट हैं तो क्यों नाटक कर रही है, इससे बात करो, उससे बात करो।’
शनिवार को भोपाल में कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय (PCC) के बाहर कांग्रेस की जीत का पोस्टर लगा दिखा। वहीं, गुना में कांग्रेस नेताओं ने हनुमान चालीसा का पाठ किया।
दिग्गी बोले- भाजपा व्यवसाय करती है
भोपाल में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा, ‘कल पता चल जाएगा कि शिवराज सिंह चौहान कहां खड़े हैं। हम 130 से ज्यादा सीट जीतेंगे। भाजपा व्यवसाय करती है, राजनीति थोड़ी करती है। अब हमारे पास कोई सिंधिया नहीं बचा, इसलिए कोई गद्दार नहीं है।

पोस्टर में लिखा- फिर आ रहे कमलनाथ
PCC के बाहर लगे पोस्टर में लिखा है- जनता का देने साथ, फिर आ रहे हैं कमलनाथ। कमलनाथ की गुलदस्ता थामे तस्वीर है। यह पोस्टर कांग्रेस प्रवक्ता और मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष अब्बास हफीज की ओर से लगवाया गया है।
संजय शुक्ला बोले- जीतने के बाद भोपाल बुलाया है
विधानसभा इंदौर 1 से कांग्रेस प्रत्याशी संजय शुक्ला ने मीडिया से चर्चा में कहा कि जीतने के बाद पार्टी ने सभी प्रत्याशियों को भोपाल आने के निर्देश दिए हैं। कांग्रेस को किसी तरह की तोड़फोड़ का कोई डर नहीं है। सभी लोग भोपाल में ही जुटेंगे। इस बार कांग्रेस की सरकार बन रही है, 140 सीट आएंगी। उन्होंने प्रशासन को घेरते हुए कहा, इंदौर में मतगणना स्थल पर मेरे लोगों के प्रवेश के लिए पास तीन दिन बाद बनाए गए।
कमलनाथ के बंगले पर चल रहीं बैठकें
कमलनाथ के बंगले पर मतगणना के एक दिन पहले शनिवार सुबह से बैठकों का दौर जारी है। इसमें बहुमत की स्थिति बनने के बाद के हालात को लेकर मंथन किया गया। बहुमत के साथ सरकार बनने को लेकर जश्न और आतिशबाजी की तैयारी पीसीसी दफ्तर व कमलनाथ के बंगले पर की जा रही है।

गुना की चारों सीट जीतने का दावा
गुना जिला कांग्रेस कमेटी ने शनिवार सुबह हनुमान चालीसा का पाठ किया। स्थानीय उदासी आश्रम स्थित बालाजी सरकार के मंदिर में पूजा-अर्चना की। दावा किया कि प्रदेश में निश्चित रूप से कांग्रेस की सरकार बन रही है। जिले की भी चारों सीटें कांग्रेस जीत रही है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जिस तरह भगवान राम ने पाप का नाश किया था, उसी तरह बालाजी सरकार से भाजपा सरकार के द्वारा किए गए पापों का नाश करने की मांग की है।



