मध्यप्रदेश

गुना कलेक्टर पर भड़के केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया: बोले ऐसा नहीं चलेगा

गुना डेस्क :

गुना दौरे पर आए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया कलेक्टर पर भड़क उठे। वे सर्किट हाउस में लोगों से मिलने की व्यवस्था ठीक नहीं होने के कारण नाराज हो गए।

उन्होंने कलेक्टर डॉ. सत्येंद्र सिंह से कहा- ‘जब पहले ही कहा गया था व्यवस्था बनाने, तो क्यों नहीं बनाई गई। ये नहीं चलेगा। जब मैंने कहा है एक सिस्टम बनाने के लिए, बना के रखिएगा अगली बार से। नागरिकों से मिलने में कोई कठिनाई नहीं होनी चाहिए। आगे से इसका ध्यान रखें।’

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया गुरुवार देर रात दो दिवसीय दौरे पर गुना पहुंचे। यहां सर्किट हाउस में उन्होंने रात्रि विश्राम किया। शुक्रवार सुबह उन्होंने नागरिकों से मुलाकात की। इस दौरान उनकी समस्याएं सुनीं और उनके आवेदन लिए। सैकड़ों की संख्या में लोग अपनी समस्या लेकर पहुंचे। लोगों से मिलने के बाद सिंधिया बमोरी के लिए रवाना हो गए।

सर्किट हाउस में प्रशासन ने कर दी बैरिकेडिंग

लोगों से मिलने के लिए सर्किट हाउस में इस बार चाक चौबंद व्यवस्था की गई थी। अंदर की सड़क पर बैरिकेडिंग की गई थी। इसके एक तरफ से होकर लोगों को पीछे खुले मैदान में जाने की अनुमति थी। वहीं दूसरी ओर से केवल जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों को जाने दिया गया। पहली बार इतनी दुरुस्त व्यवस्था सर्किट हाउस में देखने को मिली।

हालांकि, इस व्यवस्था को पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ही ध्वस्त कर दिया। वह प्रशासन की व्यवस्था को तोड़ते हुए दूसरी तरफ से घुस गए। जबकि गुरुवार रात में ही प्रशासन ने व्यवस्था बनाई थी। लेकिन खुद कार्यकर्ताओं ने ही पूरी व्यवस्था को तोड़ दिया, जिसके कारण आम नागरिकों को परेशानी झेलना पड़ी।

सिंधिया से नहीं मिल पा रहे थे सर्किट हाउस पहुंचे लोग

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया जब नागरिकों से मिलने पहुंचे तो सब इधर-उधर खड़े थे। वहीं सिंधिया को कार्यकर्ताओं ने ही घेर लिया, जिस वजह से वह नागरिकों से मिल ही नहीं पा रहे थे। सिंधिया ने कलेक्टर डॉ. सत्येंद्र सिंह से नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा- अगली बार से बड़ा पंडाल लगाइए। नागरिकों से मिलने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।

पहले भी लगाई थी फटकार

बता दें कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया इससे पहले भी कलेक्टर, SP को फटकार लगा चुके हैं। 20 जनवरी को केंद्रीय मंत्री गुना के दौरे पर थे। लक्ष्मीगंज में आमसभा आयोजित की गई थी। भाषण के दौरान सिंधिया ने कलेक्टर, SP को देखा तो वे मंच पर नहीं थे। इसी बात पर सिंधिया नाराज हो गए और उन्होंने मंच से ही कलेक्टर और SP को फटकार लगाई थी। उन्होंने भरे मंच से कहा था – इधर मंच पर रहो, नीचे नहीं जाने का.. एसपी कहां हैं? बुलाओ एसपी को.. मंच पर खड़े रहो दोनों..।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!