इंदौर

टाइगर ने बुजुर्ग व्यक्ति का किया शिकार: बेटा वहां पहुंचा तो दिखा पिता का जूता-गमछा, लोगों ने ढूंढा तो मिला आधा खाया हुआ शव

इंदौर डेस्क :

महू में बाघ ने एक बुजुर्ग का शिकार कर लिया। वे जंगल में मवेशी चराने गए हुए थे। इसी दौरान दोनों का आमना-सामना हो गया। बाघ उन्हें 200 फीट नीचे खाई में खींचकर ले गया। उनके शरीर के आधे हिस्से को खा लिया। ग्रामीणों ने जब उन्हें ढूंढा तो खाई में उनका शव मिला। घटना महू तहसील के मलेंडी के जंगल में रविवार सुबह की है।

सुंदरलाल कुर्मी (60) रोजाना मवेशियों को जंगल में चराने ले जाते थे। रविवार सुबह 8 बजे वे जंगल निकल गए थे। वे साथ में खाना नहीं ले गए थे। उनका बेटा हरिनारायण उन्हें खाना देने वहां पहुंचा। उसने पिता के जूते और गमछा नीचे जमीन पर देखा। आगे जाने पर वहां खून के निशान भी थे। यह देखकर वह रोने लगा। उसने फोन कर ग्रामीणों को जानकारी दी। ग्रामीणों ने वहां पहुंचकर बुजुर्ग की तलाश की। 200 फीट नीचे खाई में उनका शव पड़ा दिखा।

परिजनों को मिलेगा 8 लाख मुआवजा

ग्रामीणों ने वन विभाग को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंची टीम ने शव बरामद किया। वन विभाग के डीएफओ नरेंद्र पांडवा भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। डीएफओ ने बताया कि सुंदरलाल के परिजनों को 8 लाख का मुआवजा दिया जाएगा। अभी अंतिम संस्कार के लिए 25 हजार की राशि नकद दी है। वन विभाग के कर्मियों ने जंगल में लगातार बाघ के मूवमेंट पर नजर बनाए रखी हैं।

25 दिन पहले 2 गाय का किया था शिकार

ग्राम मलेंडी में 25 दिन पहले भी बाघ का मूवमेंट था। इस दौरान बाघ ने 2 गाय का शिकार किया था। उसके बाद से क्षेत्र में बाघ का मूवमेंट नजर नहीं आया था, लेकिन अब 25 दिन बाद बाघ ने इंसान का शिकार किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!