नीट अभ्यर्थी छात्रा की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत: जांच में जुटी पुलिस

इंदौर डेस्क :
इंदौर शहर में नीट की तैयारी कर रही एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में तीसरी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल छात्रा को पहले निजी अस्पताल और बाद में एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
मृतका अवंतिका मौर्य मूल रूप से धार जिले की निवासी थी और इंदौर में अपनी बड़ी बहन के साथ रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थी। जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात वह मोबाइल पर अपनी बहन से बात करते हुए सीढ़ियों के रास्ते छत की ओर गई और कुछ देर बाद नीचे गिर गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस तथा एम्बुलेंस को सूचना दी।
परिजनों के मुताबिक, अवंतिका पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थी। वह कई बार नीट परीक्षा में सफलता हासिल नहीं कर पाई थी और हाल ही में परीक्षा से जुड़े विवादों के बाद अधिक चिंतित रहने लगी थी। परिजनों ने बताया कि घटना वाले दिन भी वह सामान्य से कम बातचीत कर रही थी और काफी शांत नजर आ रही थी।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। छात्रा के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला हादसे का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
परिजनों ने यह भी बताया कि कुछ माह पहले छात्रा ने आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की थी। पुलिस सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। घटना के बाद परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है।



