गंजबासौदा के जैन मंदिर में हुई चोरी का खुलासा: पुलिस ने दो चोरों को गिरफ्तार किया
भगवान की 4 प्रतिमाएं, चांदी का छत्र और तार बरामद

विदिशा डेस्क :
गंज बासौदा के सिरनोटा में जैन मंदिर में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस को चोरों को धर दबोचा है। चोरों के पास से भगवान की चार प्रतिमाएं और चांदी का छत्र, चांदी का तार सहित नकदी बरामद की है।
2 दिसंबर की रात को अज्ञात चोरों ने सिरनोटा के जैन मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोर 300 साल पुरानी प्राचीन अष्टधातु की भगवान की मूर्तियों को चुराकर ले गए थे। इस वारदात को लेकर जैन समाज में आक्रोश था। पुलिस अधीक्षक दीपक शुक्ला ने चोरों को जल्द पकड़ने के निर्देश दिए थे।

एडिशनल एसपी समीर यादव ने खुलासा करते हुए बताया कि इलेक्ट्रानिक और वैज्ञानिक पद्धति से मामले की जांच की जा रही थी। पुलिस ने संदेही धर्मेन्द्र अहिरवार से पूछताछ की तो उसने अपने साथी सुमित शर्मा उर्फ छोटू महाराज के साथ जैन मंदिर में चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने बताया कि चोरों ने जैन मंदिर से चुराई गई मूर्तियों और छत्र बासौदा में बेचने की कोशिश की थी। उन्होंने ज्वेलर्स प्रदीप सोनी को मूर्ति और छत्र लाकर दिखाया। स्वर्णकार प्रदीप सोनी को दिखाकर धातु की पहचान के लिए टंच कराया।
ज्वेलर प्रदीप सोनी ने मूर्तियों को अष्टधातु का बताया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने 2-2 मूतियों, चांदी का छत्र और चांदी का तार आपस में बांट लिया। चोरों के पास से आदिनाथ, पारसनाथ, शांतिनाथ भगवान और महावीर स्वामी जी की प्रतिमाएं बरामद की गईं। चांदी का छत्र और चांदी का तार सहित 1900 रुपए नकद बरामद किए गए हैं।



