छिंदवाड़ा में सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा- आपने उन्हें यहां बांध दिया, इसीलिए BJP एकतरफा जीती

न्यूज़ डेस्क :
छिंदवाड़ा में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कमलनाथ के लिए कहा, ‘छिंदवाड़ा से दादा जी कहीं निकले ही नहीं। मामा तो घूम रहा था और दादा यहीं फंस गए। सवेरे-शाम छिंदवाड़ा में रहे। जब पूछो कहां हैं? पता चले कि यहीं हैं। आपने उन्हें यहां बांध दिया तो मध्यप्रदेश में भाजपा की एकतरफा जीत हुई।’

बुधवार को लाड़ली बहना और कार्यकर्ता सम्मेलन में उन्होंने कहा, ‘मैं कभी चुनाव के दौरान बुधनी नहीं गया। लोगों ने कह दिया था कि आपको 1 लाख से ज्यादा वोटों से जिताएंगे, आप तो सरकार बनाओ। मैंने भी वादा निभाया। प्रदेश में 163 सीटें लाकर भाजपा की झोली में डाल दी।’
CM ने कहा, ‘ये जीत लाड़ली बहनाओं की जीत है। छिंदवाड़ा की सातों विधानसभा में मैं विकास की गारंटी देता हूं।’ विधानसभा चुनाव में मिली जीत के बाद मुख्यमंत्री का यह किसी शहर में पहला दौरा है।
सीएम के भाषण की बड़ी बातें…
लाड़ली बहना के बाद अब अभियान होगा लखपति बहना
शिवराज ने कहा- मैं आपके लिए मुख्यमंत्री नहीं हूं। अपन तो भैया और मामा हैं। इस पद के आगे दुनिया के सारे पद बेकार हैं। स्वर्ग का सिंहासन भी बेकार है। लाड़ली बहनों के बाद अब अभियान होगा लखपति बहना। लखपति बहना मतलब- हर बहन को हर महीने दस हजार रुपए से ज्यादा मिलेंगे। साल में एक लाख रुपए से ज्यादा बहनों की आमदनी हो, यह मैं करके रहूंगा। इसके बिना चैन की सांस नहीं लूंगा।

हम मिशन मध्यप्रदेश का मिशन 29 शुरू कर रहे
उन्होंने कहा, ‘एक-एक वादा पूरा होगा। मैं आपको वचन देता हूं कि भाजपा की सरकार हर संकल्प को पूरा करेगी। आज से हम मिशन मध्यप्रदेश का मिशन 29 शुरू कर रहे हैं। इसका मतलब एमपी में लोकसभा की 29 सीट से है। पिछली बार छिंदवाड़ा रह गई थी।’
आदिवासी कार्यकर्ता के यहां भोजन किया
सभा के बाद CM शिवराज पातालेश्वर क्षेत्र में वार्ड- 20 के बूथ अध्यक्ष मोहन मर्सकोले के घर पहुंचे। यहां उन्होंने भोजन किया। मर्सकोले, उनकी पत्नी जशोदा और छोटी बहू काजल ने CM के लिए खाना बनाया। काजल ने बताया, ‘मुख्यमंत्री के लिए सादा भोजन बनाया। मेन्यू में मक्के और बाजरे की रोटी, कढ़ी, टमाटर की चटनी, चने का साग, दाल और चावल रखे।’

बता दें कि छिंदवाड़ा से भाजपा प्रत्याशी विवेक बंटी साहू को निगम के अधिकांश वार्डों में कमलनाथ के सामने हार का सामना करना पड़ा था। BJP को निगम के सिर्फ 2 वार्ड में बढ़त मिली। इनमें एक वार्ड 24 तो दूसरा वार्ड 20 है। वार्ड 20 की पार्षद कांग्रेस नेता दीपा माहोरे हैं। इस वार्ड के 2 बूथ पर कांग्रेस और 2 बूथ पर भाजपा ने लीड ली थी। मोहन मर्सकोले ने अपने बूथ से 175 वोट दिलवाकर वार्ड 20 में पार्टी को 129 वोट की लीड दिलवाई थी।
शिवराज ने छिंदवाड़ा विधानसभा क्षेत्र को ही क्यों चुना?
विधानसभा चुनाव में भाजपा का वोट प्रतिशत जिले की जिन विधानसभाओं में कम हुआ है, उनमें छिंदवाड़ा और चौरई शामिल हैं। मुख्यमंत्री शिवराज चुनाव परिणाम के तुरंत बाद छिंदवाड़ा के कार्यकर्ताओं में जोश भरने आए। उन्होंने मिशन 2024 के लिए संगठन में कसावट के लिए कार्यकर्ताओं से संवाद किया।




