न्यूज़ डेस्क

MP में जातिवाद का जहर, दलित दूल्हे की बारात रोकी, पत्थर फेंके: BSF जवान के घर में घुसकर मारपीट की; 29 लोगों पर FIR

न्यूज़ डेस्क :

मंदसौर में दलित दूल्हे की बनोली (बारात) को दूसरे समाज के लोगों ने निकलने से रोक दिया और दूल्हे के घर में घुसकर परिजनों से मारपीट की। दूल्हा बीएसएफ (सीमा सुरक्षा बल) में कॉन्स्टेबल है। बुधवार रात उसकी शादी होनी थी, इस दौरान कुछ उपद्रवियों ने बारातियों पर पथराव किया और मौके पर पहुंची पुलिस पर भी पत्थर फेंके, जिससे पुलिस की गाड़ी के कांच टूट गए। इस घटना में दलित वर्ग के 6 लोगों को चोटें आई हैं। इस घटना के बाद गुरुवार सुबह पुलिस अभिरक्षा में दूल्हे की बनोली निकली। पुलिस ने इस मामले में 29 लोगों पर FIR की है।

गरोठ थाना प्रभारी कमलेश सिंगार ने बताया कि बुधवार रात करीब 10 बजे हमें सूचना मिली कि गांव पिपलिया राजा में अर्जुन पिता विनोद मेघवाल की बारात निकल रही थी। इस दौरान गांव के ही भगवानलाल मीणा के लड़के जीवन की बनोली भी निकलनी थी। तभी मीणा समाज के लोगों ने रास्ता रोक दिया। दलितों का रास्ता रोकने के लिए उन्होंने रास्ते में पत्थर और कांटे लगा दिए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पहुंचकर देखा तो मीणा समाज के लोग रास्ता रोक पत्थरबाजी कर रहे थे। पुलिस ने मोर्चा संभाला और उपद्रवियों को खदेड़ दिया। इस दौरान कुछ पत्थरबाजों को मौके से गिरफ्तार किया। गुरुवार को दूल्हे के पिता विनोद की शिकायत पर पुलिस ने 29 लोगों पर एसटी-एससी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। इसके बाद पुलिस सुरक्षा में बनोली निकाली गई।

दूसरे दिन निकाली दलित दूल्हे की बनोली

अर्जुन बीएसएफ में मेघालय में तैनात है। अर्जुन अपनी शादी के लिए छुट्टी पर गांव आया है। रात में विवाद के बाद गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे गरोठ पुलिस की अभिरक्षा में अर्जुन अपनी दुल्हन लेने निकला। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र ताडनेकर, गरोठ तहसीलदार, थाना प्रभारी कमलेश सिंगर, शामगढ़, सुवासरा, गरोठ, भानपुरा का पुलिस बल भी घटनास्थल पर मौजूद रहा।

पथराव में घायल हुए 6 लोग

दूल्हे के परिजनों ने मीणा समाज के लोगों पर पत्थर फेंकने का आरोप लगाया। पथराव में 6 लोग घायल हुए, जिनमें घनश्याम पिता सीताराम मेघवाल निवासी पनवाड़ी, तूफान सिंह पिता कारूलाल निवासी गोपालपुरा टैंक, गणपतलाल पिता बगदीराम मेघवाल निवासी कुर्लासी, राहुल पिता कन्हैयालाल मेघवाल निवासी उमरिया बालोदा और रामचंद्र मेघवाल निवासी रामनगर शामिल हैं।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!