MP में ‘कथा पॉलिटिक्स’, मैहर में बागेश्वरधाम सरकार की कथा कैंसिल: नेता प्रतिपक्ष बोले- पं.धीरेंद्र शास्त्री बीजेपी के प्रचारक, छिंदवाड़ा में पं. प्रदीप मिश्रा की कथा पर संशय
न्यूज़ डेस्क :
मध्यप्रदेश में इन दिनों ‘कथा पॉलिटिक्स’ चल रही है। टिकट पाने से लेकर वोटर्स को जोड़ने के लिए नेता कथाओं का सहारा ले रहे हैं। बड़े कथावाचकों की कथाएं करा रहे हैं। लेकिन अब इन पर भी जमकर राजनीति हो रही है। कांग्रेस के सीनियर लीडर और नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेन्द्र शास्त्री को बीजेपी का प्रचारक बता दिया है। इधर सतना जिले के मैहर में 3 मई से 7 मई तक होने वाली पंडित धीरेंद्र शास्त्री की कथा कैंसिल हो गई है। कथा का आयोजन बीजेपी विधायक नारायण ने किया था। वहीं पंडित प्रदीप मिश्रा ने अब तक छिंदवाड़ा में कथा के लिए कमलनाथ को समय नहीं दिया है।
अब सिलसिलेवार जानिए ‘राजनीति’ की ‘कथा’ के ताजा किस्से
नेता प्रतिपक्ष ने धीरेन्द्र कृष्ण को बताया बीजेपी का प्रचारक

नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह ने बागेश्वर धाम के कथावाचक धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री को बीजेपी का प्रचारक बताया है। वे बुधवार को पंडोखर सरकार के धाम पहुंचे थे। उन्होंने कहा- जो रोजगार करोड़ों की फैक्ट्री लगाने वाले नहीं दे सकते, लेकिन महाराज की कृपा से यहां लाखों लोगों को रोजगार मिला है। कई धाम सुने, उनमें बागेश्वर धाम राजनीतिक आधार पर है। वो भाजपा के प्रचारकर्ता हैं, लेकिन पंडोखर में सर्वधर्म समभाव है। बागेश्वर में तो धर्म के अलावा भी बात करते हैं, लेकिन यहां शुद्ध रूप से धार्मिक और सालों पहले का जो ज्ञान था, उसे गरीबों के हित में प्रदर्शित कर रहे हैं।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ कह चुके हैं कि कथावाचकों को लेकर विरोधाभासी बयानबाजी नहीं की जाए। कमलनाथ खुद पंडित प्रदीप मिश्रा और बागेश्वर धाम के कथावाचक धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री से मिल चुके हैं। उनकी नसीहत के बावजूद कांग्रेस के नेताओं की बयानबाजी नहीं रुक रही।
मैहर में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा निरस्त

सतना जिले की मैहर सीट से बीजेपी विधायक नारायण त्रिपाठी ने दो दिन पहले 11 अप्रैल को नई पार्टी बनाकर विंध्य की 30 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। वे मैहर में बागेश्वर धाम के कथावाचक पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की कथा कराने वाले थे। बुधवार को अचानक कार्यक्रम कैंसिल कर दिया गया। इसके बाद कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
अब कथास्थल पर हनुमान चालीसा पाठ करेंगे विधायक
पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की कथा कैंसिल होने के बाद नारायण त्रिपाठी ने वीडियो जारी किया। उन्होंने कहा कि 3 से 7 मई तक के लिए बागेश्वर धाम के महाराज धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा तय थी। 15 अप्रैल को टेंट लगाने का भूमि पूजन रखा गया था। किन्हीं कारणों से यह कथा स्थगित हो गई है, लेकिन विश्वास दिलाते हैं कि मैहर में बागेश्वर धाम के बाबा की कथा अवश्य होगी, इसलिए 15 अप्रैल की शाम 5 बजे जिस जगह पर कथा होने वाली थी, वहां हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा।
नारायण त्रिपाठी चार महीने पहले धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री से मैहर में कथा के लिए समय ले चुके थे। कथा के लिए तैयारियां भी चल रही थीं। विशाल टेंट और तमाम इंतजाम के बाद मंगलवार को विधायक नारायण त्रिपाठी मैहर से विदिशा जाकर पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री से मिले। यहां धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने कथा करने से मना कर दिया। सूत्रों की मानें तो धीरेन्द्र शास्त्री ने नारायण त्रिपाठी से कह दिया है कि वे विधानसभा चुनाव तक कथा नहीं कर पाएंगे।
कांग्रेस का सवाल, धीरेंद्र शास्त्री के कान में किसने फूंक मारी
मैहर में कथा कैंसिल होने को लेकर कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने कहा- नारायण त्रिपाठी सुयोग्य राजनेता, सीनियर विधायक, समाजवादी विचारक हैं। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए नई पार्टी बनाने का ऐलान किया है, वो उनका संवैधानिक अधिकार है, लेकिन उनके द्वारा घोषित कथा क्यों कैंसिल हुई है? बागेश्वर धाम ने हां करने के बाद ना क्यों किया है? उनके कान में किसने फूंक मारी है? ये नारायण त्रिपाठी, धीरेन्द्र कृष्ण और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह बता सकते हैं।
धीरेन्द्र कृष्ण से मिले सीएम, मंच पर गाया भजन
बुधवार को सीएम शिवराज सिंह चौहान विदिशा में चल रही बागेश्वर धाम के पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की कथा में शामिल हुए। सीएम ने यहां मंच पर भाषण देने के बाद भजन भी गाया। अब मैहर में प्रस्तावित उनकी कथा कैंसिल होने पर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई है।
छिंदवाड़ा में पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा पर भी संशय

भारत जोडो यात्रा के एमपी में पड़ाव के दौरान पीसीसी चीफ कमलनाथ ने इंदौर में पंडित प्रदीप मिश्रा से मुलाकात कर छिंदवाड़ा में कथा के लिए आमंत्रित किया था। सूत्रों की मानें, तो पंडित प्रदीप मिश्रा ने अब तक छिंदवाड़ा में कथा के लिए नाथ को समय नहीं दिया है। कमलनाथ इंदौर में सांसद नकुल नाथ के साथ प्रदीप मिश्रा से मिलने के लिए भी पहुंचे थे।
जिस दिन किया अलग पार्टी बनाकर चुनाव लड़ने का ऐलान, उसी रात एक्सीडेंट
बीजेपी विधायक नारायण त्रिपाठी ने मैहर में 11 अप्रैल को अलग पार्टी बनाकर विंध्य की 30 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। इसी रात वे विदिशा में चल रही धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की कथा में शामिल होकर मैहर जा रहे थे। रास्ते में उनकी स्कॉर्पियो को एक ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। हालांकि, विधायक और ड्राइवर सहित गाडी में सवार रहे चारों लोग सुरक्षित रहे। किसी को भी ज्यादा चोटें नहीं आईं। हादसा मंगलवार की देर रात का है, जब विधायक की गाड़ी सागर में गढ़ाकोटा के पास थी।
इस घटना की जानकारी विधायक नारायण त्रिपाठी ने वीडियो जारी कर खुद दी। विधायक नारायण त्रिपाठी ने बताया कि वे दो स्कॉर्पियो गाड़ियों से विदिशा में पंडित धीरेंद्र शास्त्री की कथा में शामिल होकर लौट रहे थे. इसी दौरान गढ़ाकोटा के पास ट्रक ने कार को टक्कर मार दी, जिसमें एक वाहन पूरी तरह चकनाचूर हो गया. हालांकि, गाड़ी में बैठे लोग सुरक्षित हैं।
BJP को VJP बनाकर देंगे चुनौती
नारायण त्रिपाठी के नई पार्टी के इस ऐलान से सतना ही नहीं प्रदेश भर में सियासी गरमाहट बढ़ गई है। पिछली बार विंध्य की 30 सीटों में से 27 सीटों पर भाजपा को जीत हासिल हुई थी। अब अगर इस बार नारायण की वीजेपी चुनाव मैदान में उतरी तो इसका सीधा असर बीजेपी के वोटों और रीवा – सतना, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, अनूपपुर और उमरिया जिले में भाजपा के कब्जे वाली सीटों पर पड़ने से इनकार नहीं किया जा सकता।
नारायण ने कहा कि उनकी पार्टी विंध्य जनता पार्टी (VJP) का रजिस्ट्रेशन हो गया है, 15 अप्रैल तक पंजीयन आ जाएगा। इस बार वीजेपी प्रत्याशी भी बीजेपी – कांग्रेस के मुकाबले मैदान में होंगे। विंध्य के लोग विंध्य की पार्टी से चुनाव लड़ने का मन बना लें।



