ब्रेकिंग न्यूज़- सिरोंज में स्कूल जा रही टीचर को ट्रक ने कुचला, मौत: दूसरी तरफ गिरने से सहेली बाल-बाल बची

सिरोंज डेस्क :
सिरोंज में सोमवार सुबह सड़क हादसे में निजी स्कूल की शिक्षिका नेन्सी सोनी (23) की मौत हो गई। नेन्सी अपनी साथी शिक्षिका कनिष्का ताम्रकार के साथ स्कूटी से स्कूल जा रही थीं।
घटना सिरोंज-आरोन रोड पर साईं ठाबे के सामने सुबह करीब साढ़े सात बजे हुई। नेन्सी जब पत्थर से भरे एक ट्राले को ओवरटेक कर रही थीं, तभी उनकी स्कूटी फिसल गई। कनिष्का तो दूसरी तरफ गिर गईं, लेकिन नेन्सी ट्राले के पहिए के नीचे आ गईं। नेन्सी की मौके पर ही मौत हो गई।

स्कूल की वैन चालक प्रकाश पाल ने बताया कि वह घटना के समय ट्राले और स्कूटी के पीछे ही चल रहा था। उसके अनुसार, ट्राला चालक स्कूटी के गिरने को देख नहीं पाया और नेन्सी के ऊपर से ट्राला निकल गया।
नेन्सी के पिता राकेश सोनी कारोबारी हैं। परिवार में माता पिता केअलावा एक छोटा भाई है सूजल सोनी। बताया जा रहा है कि नेन्सी की शादी राधोंगड़ के रोहित सोनी से तय हो चुकी थी। इसी साल नवंबर में शादी होनी थी।
अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत
सिरोंज सिविल अस्पताल के डॉ. गोलू जाटव ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही नेन्सी की मौत हो चुकी थी। नेन्सी की पिछले महीने ही सगाई हुई थी और दीपावली के बाद उनकी शादी होने वाली थी।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(1), 106(1) और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।



