विदिशा

बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त: ग्राम जावती में पुलिया बनी संकट, स्कूली बच्चे और ग्रामीण जान जोखिम में डाल कर कर रहे पार

आनंदपुर डेस्क:

आनंदपुर सहित ग्रामीण क्षेत्र में पिछले चार-पांच दिनों से हो रही लगातार मूसलधार बारिश ने ग्रामीण अंचलों में जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। नदी-नाले पूरे उफान पर हैं और ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क मार्ग कई स्थानों पर अवरुद्ध हो गया है। विशेष रूप से ग्राम जावती के समीप स्थित पुलिया में भारी अव्यवस्था के चलते स्थानीय लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्राम जावती के पास बनी पुलिया में पॉल (पाइप) डाले गए हैं, लेकिन वे पूरी तरह से कचरे से जाम हो चुके हैं। नतीजतन, थोड़ी सी भी बारिश होने पर पुलिया से होकर बहने वाला नाले का पानी ऊपर से सड़क पर बहने लगता है, जिससे जावती,आनंदपुर आने-जाने वाला मार्ग पूरी तरह से बंद हो जाता है। सोमवार दोपहर को यह मार्ग लगभग 4 से 5 घंटे तक पूरी तरह ठप रहा।

 

स्थानीय ग्रामीणों और स्कूली विद्यार्थियों को जान जोखिम में डालकर पानी से लबालब भरी पुलिया को पार करते हुए देखा गया। कई बुजुर्ग और महिलाएं भी फिसलन भरे इस रास्ते से बड़ी मुश्किल से गुजरती नजर आईं।

इस गंभीर स्थिति पर सामाजिक संगठन जन चेतना मंच के ग्रामीण क्षेत्र के अध्यक्ष रवि कुशवाहा ने गहरी चिंता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों को समय-समय पर पुलिया की साफ-सफाई और नाले की निगरानी करनी चाहिए, ताकि इस तरह की दुश्वारियों से ग्रामीणों को बार-बार न गुजरना पड़े। अगर समय रहते पाइपों में फंसे कचरे की सफाई की जाती रहे, तो नाले का पानी सड़क पर नहीं आएगा और लोगों को सुरक्षित आवाजाही मिल सकेगी।

यह समस्या सिर्फ एक गांव की नहीं, बल्कि संपूर्ण ग्रामीण क्षेत्र की है, जहां बुनियादी ढांचे की लापरवाही लोगों के लिए खतरा बनती जा रही है। प्रशासन से मांग है कि वह इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए स्थायी समाधान सुनिश्चित करे, ताकि भविष्य में इस तरह की परेशानी से लोगों को राहत मिल सके।

News Update 24x7

Related Articles

error: Content is protected !!