मध्यप्रदेश में स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव, 3, 4 दिन तक बारिश और ओलावृष्टि: इंदौर, भोपाल, नर्मदापुरम-उज्जैन में असर ज्यादा

भोपाल डेस्क :
मध्यप्रदेश में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ), ट्रफ लाइन और चक्रवाती हवाओं के घेरे से बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव हो गया है। इस कारण प्रदेश में अगले 4 दिन तक बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवा का दौर रहेगा। IMD (मौसम केंद्र), भोपाल के वैज्ञानिकों ने इंदौर-उज्जैन संभाग के साथ भोपाल और नर्मदापुरम के कुछ जिलों में सिस्टम का असर सबसे ज्यादा होने का अनुमान जताया है। दो दिन बाद यानी 28-29 नवंबर को यही सिस्टम प्रदेश के पूर्वी हिस्से यानी जबलपुर समेत कई इलाकों में बारिश कराएगा।

सीनियर मौसम वैज्ञानिको ने बताया कि सर्दी में एक-दो बार वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आते हैं। इस बार यह अब एक्टिव हुआ है। वहीं, अरब सागर के ऊपर चक्रवाती हवाओं का घेरा बना है। ट्रफ लाइन भी गुजर रही है। इस कारण प्रदेश में नमी आएगी, जिससे सिस्टम और स्ट्रॉन्ग हो जाएगा। इसका असर पश्चिमी हिस्से में ज्यादा रहेगा। इस दौरान ओले भी गिर सकते हैं।
इंदौर-उज्जैन में ज्यादा होगी बारिश
सीजन का पहला मावठा गिरने का सबसे ज्यादा असर प्रदेश के इंदौर और उज्जैन संभाग में रहेगा। मौसम वैज्ञानिक पांडे ने बताया कि भोपाल संभाग के दक्षिणी हिस्से के साथ नर्मदापुरम संभाग में भी असर अधिक देखने को मिलेगा। दो दिन यह असर रहेगा। इसके बाद सिस्टम पूर्वी हिस्से में शिफ्ट होगा।

इन जिलों में बारिश का अलर्ट
- 26 नवंबर, रविवार : इंदौर, उज्जैन, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, देवास और धार में तेज बारिश होने का अनुमान है। वहीं, भोपाल, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, शाजापुर, राजगढ़, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, बैतूल, सीहोर, राजगढ़, छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, जबलपुर, रायसेन, विदिशा, गुना, अशोकनगर, श्योपुरकलां, मुरैना, ग्वालियर, शिवपुरी, सागर, दमोह, कटनी, पन्ना, निवाड़ी और टीकमगढ़ में हल्की बारिश हो सकती है। छतरपुर, उमरिया, भिंड, दतिया और सिवनी में गरज-चमक की संभावना है।
- 27 नवंबर, सोमवार : भोपाल, इंदौर, अलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, शाजापुर, देवास, सीहोर, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, बैतूल, रायसेन, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, जबलपुर, कटनी, दमोह, पन्ना, उमरिया, मंडला, बालाघाट, अनूपपुर, शहडोल में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, सागर में गरज-चमक रहेगी।
- 28 नवंबर, मंगलवार : इंदौर, भोपाल, खरगोन, देवास, खंडवा, बुरहानपुर, शाजापुर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, रायसेन, विदिशा, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, जबलपुर, दमोह, कटनी, डिंडोरी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, सागर और पन्ना में गरज-चमक रहेगी।
- 29 नवंबर, बुधवार : बड़वानी, खरगोन, खंडवा, हरदा, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, जबलपुर, सागर, दमोह, छतरपुर, पन्ना, कटनी, मंडला, सतना, रीवा, सीधी, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर और डिंडोरी में हल्की बारिश होगी। वहीं, बालाघाट, अलीराजपुर, धार, इंदौर, शाजापुर, सीहोर, विदिशा, रायसेन और टीकमगढ़ में गरज-चमक होगी।

सिस्टम की वजह से कई जिलों में टेम्प्रेचर लुढ़का
स्ट्रॉन्ग सिस्टम के एक्टिव होने की वजह से शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में दिन का टेम्प्रेचर कम हो गया। खासकर इंदौर, खंडवा, रतलाम, बैतूल, ग्वालियर, छिंदवाड़ा, रीवा, सतना, सीधी और मलाजखंड में तापमान में गिरावट हुई है।



