
न्यूज़ डेस्क :
मध्यप्रदेश के इंदौर, उज्जैन मंदसौर, धार और झाबुआ जिले में कई जगहों पर रविवार को बारिश हुई। यहां सुबह से बादल छाए थे। दोपहर बाद अचानक मौसम बदला और बारिश शुरू हो गई। इसके अलावा बड़वानी के सेंधवा में भी तेज हवा के साथ पानी गिरा। भोपाल, नर्मदापुरम और गुना समेत प्रदेश के कई जिलों में सुबह से बादल छाए हुए हैं।
अगले चार दिन प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं का दौर रहेगा। कुछ जगह ओले भी गिर सकते हैं।
IMD (मौसम केंद्र), भोपाल के वैज्ञानिकों ने इंदौर-उज्जैन संभाग के साथ भोपाल और नर्मदापुरम के कुछ जिलों में सिस्टम का असर सबसे ज्यादा होने का अनुमान जताया है। दो दिन बाद यानी 28-29 नवंबर को यही सिस्टम प्रदेश के पूर्वी हिस्से यानी जबलपुर समेत आसपास के जिलों में बारिश कराएगा।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि MP में वेस्टर्न डिस्टरबेंस, ट्रफ लाइन और चक्रवाती हवाओं के घेरे से बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव हो गया है। इसका असर पश्चिमी हिस्से में ज्यादा रहेगा।

इंदौर में गरज-चमक के साथ रिमझिम बारिश: इंदौर में शाम 4 बजे बाद शहर के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ रिमझिम बारिश शुरू हो गई। इससे पहले सुबह कोहरा छाया रहा। जिसके चलते वाहन चालकों को लाइट ऑन करके गाड़ी चलानी पड़ी।
उज्जैन में करीब 25 मिनट तक हल्की तेज बारिश: उज्जैन में सुबह से बादल छाए थे। शाम चार बजे हल्की तेज बारिश शुरू हो गई। अचानक मौसम बदलने से ठंड बढ़ गई। करीब 25 मिनट तक बारिश ने शहर को भिगोया।
मंदसौर भी तरबतर, 20 मिनट तक गिरा बारिश: मंदसौर में भी दोपहर बाद तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। करीब 20 मिनट तक बारिश का दौर चला। बारिश के बाद सर्दी बढ़ गई है।

देवास और धार के मांडू भी तरबतर: देवास में शाम के समय तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश शुरू हो गई। जिससे सड़कें तरबतर हो गई। बारिश के बाद मौसम में ठंडक घुल गई। वहीं धार का मांडू भी तरबतर हो गया। यहां घुमने आए पर्यटक भीग गए।
झाबुआ में भी अचानक मौसम बदला: झाबुआ जिले के कई इलाकों में दोपहर बाद गरज-चमक और तेज हवा के साथ बारिश होने लगी। जिससे ठंड बढ़ गई। मौसम के बदलाव ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है।
बड़वानी में गरज-चमक के साथ बारिश: रविवार को बड़वानी शहर समेत जिले में कई जगहों पर पानी गिरा। करीब एक घंटे तक लगातार बारिश होती रही। इस दौरान सड़कों पर कई जगह जलजमाव की स्थिति बन गई।

29 नवंबर तक बारिश का अनुमान
- 27 नवंबर, सोमवार : भोपाल, इंदौर, अलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, शाजापुर, देवास, सीहोर, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, बैतूल, रायसेन, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, जबलपुर, कटनी, दमोह, पन्ना, उमरिया, मंडला, बालाघाट, अनूपपुर, शहडोल में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।सागर में गरज-चमक रहेगी।
- 28 नवंबर, मंगलवार : इंदौर, भोपाल, खरगोन, देवास, खंडवा, बुरहानपुर, शाजापुर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, रायसेन, विदिशा, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, जबलपुर, दमोह, कटनी, डिंडोरी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, सागर और पन्ना में गरज-चमक रहेगी।
- 29 नवंबर, बुधवार : बड़वानी, खरगोन, खंडवा, हरदा, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, जबलपुर, सागर, दमोह, छतरपुर, पन्ना, कटनी, मंडला, सतना, रीवा, सीधी, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर और डिंडोरी में हल्की बारिश होगी। वहीं, बालाघाट, अलीराजपुर, धार, इंदौर, शाजापुर, सीहोर, विदिशा, रायसेन और टीकमगढ़ में गरज-चमक होगी।
उमरिया की रात सबसे ठंडी रही
मध्यप्रदेश में शनिवार को सबसे ठंडी रात उमरिया में रही। यहां न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री दर्ज किया गया। पचमढ़ी में 10.4 तापमान रहा। इंदौर में सबसे ज्यादा 18.6 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा।
बड़े शहरों में इतना रहा न्यूनतम तापमान
| भोपाल | 13.9 (डिग्री सेल्सियस में) |
| इंदौर | 18.6 |
| ग्वालियर | 11.1 |
| जबलपुर | 9.7 |
(आंकड़े शनिवार रात के)



