पूर्व CM कमलनाथ के ये देशभर में दंगे-फसाद करा रहे…: बयान पर शिवराज का पलटवार- डर दिखाओ, वोट पाओ
न्यूज़ डेस्क :
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ बुधवार को छिंदवाड़ा में रोजा इफ्तार पार्टी में शामिल हुए। इसी दौरान का उनका एक VIDEO सामने आया है। इसमें वे कह रहे हैं- आप सबको छिंदवाड़ा संभालना है। मुझे प्रदेश संभालने दीजिए। आप चाहते हैं कि मैं यहां बंधकर रह जाऊं, तो मैं बंध कर रह जाता हूं। आप सब जगह देख रहे हैं क्या हो रहा है? पूरे देशभर में क्या हो रहा है। पूरे देशभर में ये दंगे – फसाद करा रहे हैं।
कमलनाथ के इस बयान पर BJP ने पलटवार किया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, रोजा इफ्तार में जाकर दंगे-फसाद की बात कहकर क्या कहना चाहते हैं। डर दिखाओ, वोट पाओ। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा, जहर उगलना कांग्रेस की परंपरा है। कभी कमलनाथ के करीबी रहे BJP के प्रदेश प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने भी हमला बोला है।
सलूजा ने यह VIDEO ट्वीट कर कहा- हनुमान भक्त श्री नाथ जी, रोजा इफ्तार में रोजेदारों से कह रहे हैं कि अब आपको छिंदवाड़ा संभालना है। दंगों का भय दिखाकर साथ लेने का प्रयास।
CM बोले- MP इस समय शांति का टापू
कमलनाथ के बयान पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, इससे उनकी कुटिलता जाहिर होती है। एक तरफ वे हनुमान भक्त होने का प्रचार करवाते हैं। दूसरी तरफ रोजा इफ्तार में जाकर दंगे-फसाद की बात कहकर क्या कहना चाहते हैं। क्या वे सबको इकट्ठा कर उनके वोट हासिल करने गए थे। ये स्तरहीन और घटिया राजनीति है। मध्यप्रदेश शांति का टापू है इस समय, कहां दंगे हो रहे हैं मप्र में? ये बदनीयती है, कुटिलता है, तुष्टिकरण कर कमलनाथ वोट हासिल करना चाहते हैं। मैं इसकी निंदा करता हूं।
नरोत्तम ने कहा- कांग्रेस को एक नहीं रख सके, देश को रहने दें
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा, रोजेदारों के बीच बैठकर विष वमन करना, भय, अलगाव पैदा करना, ये कांग्रेस की परंपरा सी बनती जा रही है। पवित्र धार्मिक कार्यक्रम में दंगे – फसाद की बात क्यों करना थी। कांग्रेस विभाजन की राजनीति करती है। पिछले चुनाव में भी अल्पसंख्यक समाज के बीच में बैठकर इस तरह की बातें कर रहे थे। कब तक कमलनाथ जी इस तरह की सांप्रदायिकता का विष वमन करेंगे। ये कोई कांग्रेस की मीटिंग थोडे़ ही थी। कमलनाथ जी कांग्रेस को एक नहीं रख पाए, देश को तो एक रहने दो। यदि बयान देना है तो अब्दुल कादरी, गुलाम नबी आजाद को सुन लेते, जिन्होंने मोदी जी की तारीफ की। यदि इन्हें सुन लेते तो आप इस तरह की बातें नहीं करते।
बता दें, कर्नाटक के बिदरी शिल्प के कलाकार शाह रशीद, अहमद कादरी समेत 55 हस्तियों को बुधवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पद्म सम्मान से नवाजा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कादरी को बधाई दी। इस पर कादरी ने कहा, मैं यूपीए सरकार से पद्म सम्मान की उम्मीद कर रहा था, लेकिन नहीं मिला। आपकी सरकार आई तो सोचा कि भाजपा सरकार सम्मान नहीं देगी। शुक्र है, आपने मुझे गलत साबित कर दिया।’



