राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा: MP के 9 जिलों से गुजरेगी, 7 लोकसभा सीटें होंगी कवर

भोपाल डेस्क :
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के बाद भारत जोड़ो न्याय यात्रा में मप्र में 7 दिन रहेंगे। राहुल गांधी मप्र में 698 किलोमीटर बस से और पैदल चलेंगे। ये यात्रा मप्र के ग्वालियर-चंबल और मालवा के 9 जिलों से होकर गुजरेगी। राहुल धौलपुर से हाेते हुए मुरैना से मप्र में प्रवेश करेंगे। यहां से यात्रा ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, राजगढ़, आगर मालवा, उज्जैन, रतलाम से झाबुआ होते हुए राजस्थान के बांसवाड़ा में चली जाएगी।

दरअसल राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू होगी और 22 मार्च को मुंबई में खत्म होगी। गुरुवार को यात्रा का नया रोडमैप तैयार किया गया है इस रूट में मप्र की सात लोकसभा सीटें आएंगी। मप्र कांग्रेस यात्रा की तैयारियों में जुट गई है। मप्र में राहुल गांधी के साथ चलने वाले यात्रियों की सूची पीसीसी के द्वारा तैयार की जाएगी।
मप्र से निकली थी भारत जोड़ो यात्रा पर फायदा नहीं मिला
राहुल ने पिछले साल कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारत जोड़ो यात्रा की थी। इस दौरान महाराष्ट्र से मप्र में प्रवेश किया था, वे बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, इंदौर, उज्जैन और आगर मालवा होते हुए राजस्थान गए थे। हालाकि इस यात्रा का कांग्रेस को विधानसभा चुनाव में फायदा नहीं मिल पाया। इन जिलों की 26 सीटों में से कांग्रेस 4 सीटें ही जीत पाई थी।



