नई दिल्ली

PM नरेंद्र मोदी ने नई संसद का इनॉगरेशन किया: मोदी ने सेंगोल को साष्टांग-प्रणाम किया, गांधी-सावरकर को श्रद्धांजलि दी, सांसद समर्पण से भवन को दिव्य बनाएं

नई दिल्ली डेस्क :

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को नए संसद भवन का इनॉगरेशन किया। PM मोदी धोती-कुर्ते में सुबह 7:30 बजे नए संसद भवन पहुंचे। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को नमन किया और फिर हवन-पूजन में बैठे। मोदी ने संसद में सावरकर के चित्र पर भी फूल चढ़ाए। आज सावरकर की जयंती है।

पहले PM मोदी ने सेंगोल को साष्टांग प्रणाम किया, फिर तमिलनाडु से आए संतों ने इसे मोदी को सौंपा। इसके बाद PM ने सेंगोल को सदन में स्पीकर की कुर्सी के बगल में स्थापित किया। इस मौके पर लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला भी मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान मोदी ने श्रमयोगियों का सम्मान किया, सर्वधर्म सभा भी हुई।

सेंगोल स्थापना के बाद PM मोदी ने ट्वीट किया- आज का दिन हम सभी देशवासियों के लिए अविस्मरणीय है। नया संसद भवन हम सभी को गर्व और उम्मीदों से भर देने वाला है।

इनॉगरेशन प्रोग्राम के दूसरे सेशन में सदन में सांसद और अतिथि मौजूद थे। इन्हें सेंगोल पर बनी फिल्म दिखाई गई और PM ने 75 रुपए का सिक्का जारी किया।

इसके बाद मोदी की स्पीच हुई। PM ने कहा- नए संसद भवन को बनाने में श्रमिकों ने पसीना बहाया है। हम सभी सांसद को अपने कार्य के प्रति समर्पण से इस भवन को दिव्य बनाना है।

मोदी की 29 मिनट की स्पीच की 3 बड़ी बातें…

1. सेंगोल की स्थापना पर
सेंगोल को लेकर छिड़े बयानों के बीच प्रधानमंत्री ने इसका महत्व बताया। मोदी ने कहा- महान चोल साम्राज्य में सेंगोल को कर्तव्य पथ का, सेवा पथ का, राष्ट्र पथ का प्रतीक माना जाता था। ये सौभाग्य है कि पवित्र सेंगोल को हम उसकी गरिमा लौटा सके हैं। उसकी मान-मर्यादा लौटा सके हैं। जब भी कार्यवाही शुरू होगी, ये सेंगोल सभी को प्रेरणा देता रहेगा।

2. विपक्ष के विरोध पर
नए संसद भवन का कांग्रेस सहित 20 पार्टियों ने बायकॉट किया है। प्रधानमंत्री ने इसकी चर्चा तो नहीं की, लेकिन उन्होंने कहा कि नया संसद भवन समय की मांग थी। मुझे खुशी है कि भव्य इमारत आधुनिक सुविधाओं से लैस है। PM ने इस दौरान एक कविता भी सुनाई- मुक्त मातृभूमि को नवीन पान चाहिए। नवीन पर्व के लिए नवीन प्राण चाहिए। मुक्त गीत हो रहा, नवीन राग चाहिए…।

3. सांसदों को नसीहत भी दी
PM ने कहा- जब संसद के इस नए भवन में अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करेंगे तो देशवासियों को नई प्रेरणा मिलेगी। अब हम सभी सांसदों का दायित्व है कि इसे अपने समर्पण से और ज्यादा दिव्य बनाएंगे। हम सभी 140 करोड़ भारतीयों का संकल्प ही इस नई संसद की प्राण प्रतिष्ठा है। यहां होने वाला हर निर्णय आने वाली पीढ़ियों को सशक्त करने वाला होगा।

शाहरुख-अक्षय ने नई संसद के वीडियो को दी आवाज
उद्घाटन से पहले प्रधानमंत्री ने पार्लियामेंट बिल्डिंग के वीडियो के लिए सभी से वॉयस ओवर देने की अपील की थी। इसके बाद शाहरुख खान, अक्षय कुमार और अनुपम खेर जैसे सेलिब्रिटीज ने इस वीडियो में अपनी आवाज दी। मोदी ने ट्वीट कर शाहरुख और अक्षय कुमार के वॉयस ओवर की तारीफ की।

ढाई साल पहले भूमि पूजन की यह तस्वीर…

₹75 का सिक्का जारी हुआ, इसकी खासियत

  • सिक्के के दोनों तरफ अशोक स्तंभ, जिस पर भारत और इंडिया लिखा है।
  • इसके नीचे रुपए के चिह्न के साथ 75 लिखा है।
  • सिक्के के दूसरी तरफ संसद की तस्वीर होगी और उसके नीचे 2023 लिखा है।
  • इस सिक्के को कोलकाता की टकसाल में ढाला गया है।
  • सिक्के का डायमीटर 44 मिमी है। इसका वजन 34.65-35.35 ग्राम है।
  • इस सिक्के में 50% सिल्वर, 40% कॉपर, 5% निकल और 5% जिंक है।
  • सिक्के के एक तरफ अशोक स्तंभ होगा, जिसके नीचे सत्यमेव जयते लिखा है।
  • बाईं ओर देवनागरी में भारत और दाईं ओर अंग्रेजी में इंडिया लिखा होगा।
  • नए सिक्के में रुपए का साइन होगा और लायन कैपिटल के नीचे 75 रुपए लिखा होगा।
  • सिक्के की दूसरी साइड पर संसद परिसर की तस्वीर होगी।
  • तस्वीर के ऊपर देवनागरी में संसद संकुल और नीचे अंग्रेजी में पार्लियामेंट कॉम्प्लेक्स लिखा है।

नई संसद की खासियत

  • अभी लोकसभा में 590 लोगों की सीटिंग कैपेसिटी है। नई लोकसभा में 888 सीटें हैं और विजिटर्स गैलरी में 336 से ज्यादा लोगों के बैठने का इंतजाम है।
  • अभी राज्यसभा में 280 की सीटिंग कैपेसिटी है। नई राज्यसभा में 384 सीटें हैं और विजिटर्स गैलरी में 336 से ज्यादा लोग बैठ सकेंगे।
  • लोकसभा में इतनी जगह होगी कि दोनों सदनों के जॉइंट सेशन के वक्त लोकसभा में ही 1272 से ज्यादा सांसद साथ बैठ सकेंगे।
  • संसद के हर अहम कामकाज के लिए अलग-अलग ऑफिस हैं। ऑफिसर्स और कर्मचारियों के लिए भी हाईटेक ऑफिस की सुविधा है।
  • कैफे और डाइनिंग एरिया भी हाईटेक है। कमेटी मीटिंग के अलग-अलग कमरों में हाईटेक इक्विपमेंट लगाए गए हैं।
  • कॉमन रूम्स, महिलाओं के लिए लाउंज और VIP लाउंज की भी व्यवस्था है।

नए संसद भवन में देश के हर क्षेत्र की झलक
नए संसद भवन में देश के हर क्षेत्र की झलक देखने को मिलेगी। इसकी फ्लोरिंग त्रिपुरा के बांस से की गई है। कालीन मिर्जापुर का है। लाल-सफेद सैंड स्टोन राजस्थान के सरमथुरा का है। वहीं निर्माण के लिए रेत हरियाणा के चरखी दादरी से और भवन के लिए सागौन की लकड़ी नागपुर से मंगाई गई है।

भवन के लिए केसरिया हरा पत्थर उदयपुर, लाल ग्रेनाइट अजमेर के पास लाखा और सफेद संगमरमर राजस्थान के ही अंबाजी से मंगवाया गया है। लोकसभा और राज्यसभा की फाल्स सीलिंग में लगाई गई स्टील की संरचना दमन-दीव से मंगाई गई है। वहीं, संसद में लगा फर्नीचर मुंबई में तैयार किया गया। पत्थर की जाली का काम राजस्थान के राजनगर और नोएडा से करवाया गया।

संसद के बाहर लगा अशोक चक्र इंदौर का
प्रतीक चिह्न अशोक स्तंभ के लिए सामग्री महाराष्ट्र के औरंगाबाद और राजस्थान के जयपुर से मंगवाई गई। वहीं लोकसभा-राज्यसभा की विशाल दीवार और संसद के बाहर लगा अशोक चक्र इंदौर से मंगाया गया है।

पत्थर की नक्काशी का काम आबू रोड और उदयपुर के मूर्तिकारों ने किया है। पत्थर राजस्थान के कोटपूतली से लाए गए। फ्लाई ऐश ईंटें हरियाणा और उत्तर प्रदेश से मंगवाई गईं, जबकि पीतल के काम और सीमेंट के बने-बनाए ट्रेंच अहमदाबाद से लाए गए।

75 साल बाद राजदंड का संसद में प्रवेश
मोदी 28 मई को नए संसद भवन के उद्घाटन के मौके पर लोकसभा अध्यक्ष के आसन के पास पवित्र सेंगोल (राजदंड) स्थापित किया गया। अंग्रेजों की तरफ से 14 अगस्त 1947 की रात इसे पं. नेहरू को सत्ता हस्तांतरण के रूप में सौंपा गया था। 1960 से पहले यह आनंद भवन और फिर 1978 से इलाहाबाद म्यूजियम में रखा था। अब 75 साल बाद राजदंड का संसद में प्रवेश हुआ।

20 विपक्षी पार्टियों ने बहिष्कार किया, 25 दल शामिल
कांग्रेस समेत 20 विपक्षी पार्टियों ने उद्घाटन समारोह के बहिष्कार का ऐलान किया है। विपक्ष का कहना है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को दरकिनार कर प्रधानमंत्री से इसका इनॉगरेशन कराने का निर्णय न केवल गंभीर अपमान है, बल्कि यह लोकतंत्र पर भी सीधा हमला है। वहीं, भाजपा समेत 25 पार्टियां उद्घाटन समारोह में शामिल हुईं

समर्थन में: भाजपा, शिवसेना (शिंदे गुट), शिरोमणी अकाली दल, जनता दल (सेक्युलर), बसपा, NPP, NPF, NDPP, SKM, JJP, RLJP, RP (अठावले), अपना दल (एस), तमिल मनीला कांग्रेस, AIADMK, BJD, तेलुगू देशम पार्टी, YSR कांग्रेस, IMKMK और AJSU, MNF।

विरोध में: कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, DMK, आम आदमी पार्टी, शिवसेना (उद्धव गुट), समाजवादी पार्टी, राजद, CPI, JMM, केरल कांग्रेस (मणि), VCK, रालोद, राकांपा, JDU, CPI (M), IUML, नेशनल कॉन्फ्रेंस, RSP, AIMIM और MDMK।

जनवरी 2021 में निर्माण शुरू हुआ
तिकोने आकार के नए संसद भवन का निर्माण 15 जनवरी 2021 को शुरू हुआ था। इस बिल्डिंग को पिछले साल नवंबर में पूरा हो जाना था। पीएम नरेंद्र मोदी ने 10 दिसंबर 2020 को नए संसद भवन की आधारशिला रखी थी। तब उन्होंने कहा था कि संसद की नई बिल्डिंग से अधिक सुंदर कुछ नहीं हो सकता, जब भारत अपनी आजादी के 75 साल मनाएगा।

पुरानी इमारत का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल हो चुका इसलिए नई बिल्डिंग
मौजूदा संसद भवन को 96 साल पहले 1927 में बनाया गया था। मार्च 2020 में सरकार ने संसद को बताया था कि पुरानी बिल्डिंग ओवर यूटिलाइज्ड हो चुकी है और खराब हो रही है। इसके साथ ही लोकसभा सीटों के नए सिरे से परिसीमन के बाद जो सीटें बढ़ेंगीं, उनके सांसदों के बैठने के लिए पुरानी बिल्डिंग में पर्याप्त जगह नहीं है। इसी वजह से नई बिल्डिंग बनाई गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!