विदिशा

40 बीघा जमीन के विवाद ने ली एक और जान: दंपती ने खाया जहर, पत्नी की मौत, बच्चों ने रिश्तेदारों पर लगाए गंभीर आरोप

विदिशा डेस्क :

विदिशा जिले के चिडोरिया पड़ायत गांव में 40 बीघा कृषि भूमि को लेकर वर्षों से चल रहा पारिवारिक विवाद एक दर्दनाक मोड़ पर पहुंच गया। जमीन के अधिकार और खेती को लेकर लगातार चल रहे तनाव से परेशान होकर पति-पत्नी ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इस घटना में 40 वर्षीय मुन्नी बाई दांगी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनके पति 45 वर्षीय सुरेश दांगी की हालत गंभीर बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, खेत में हार्वेस्टर ले जाने को लेकर बुधवार को परिवार के दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के बाद दोनों मानसिक रूप से बेहद आहत थे। इसके कुछ समय बाद उन्होंने यह कदम उठा लिया। गंभीर हालत में दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां मुन्नी बाई ने दम तोड़ दिया।

मृतका के बेटे विनीत दांगी और बेटी अंजली दांगी ने अपने ही सगे रिश्तेदारों पर माता-पिता को वर्षों से प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप लगाए हैं। बच्चों का कहना है कि जमीन विवाद को लेकर लगातार मानसिक दबाव बनाया जा रहा था और कई बार शिकायत करने के बावजूद उन्हें न्याय नहीं मिला।

इस घटना के बाद परिवार के चार बच्चों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है। मां की मौत और पिता की गंभीर हालत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जमीन विवाद, प्रताड़ना के आरोपों और घटना की परिस्थितियों की गहन जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एक जमीन विवाद, एक परिवार का टूटता संसार और चार बच्चों के भविष्य पर मंडराता संकट—चिडोरिया पड़ायत की यह घटना कई गंभीर सवाल छोड़ गई है। :::

News Update 24x7

Related Articles

error: Content is protected !!