विदिशा

भारत जोड़ो यात्रा का एक बर्ष पूरा होने पर कांग्रेसियों ने निकाली पदयात्रा: विधायक बोले- इसने भारतीय राजनीति की दिशा बदल दी

विदिशा डेस्क :

कांग्रेस की भारत जोड़ों यात्रा को 1 साल पूरा हो गया है। जिला कांग्रेस कमेटी और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहर और ग्रामीण ने गांधी प्रतिमा नीमताल से पदयात्रा निकाली, जो शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए वापस गांधी प्रतिमा पर आकर खत्म हुई। यात्रा की शुरुआत में विधायक शशांक श्रीकृष्ण भार्गव और जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश कटारे ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

यात्रा तिलक चौक, निकासा, माधव गंज, हॉस्पिटल रोड होते हुए वापस नीमताल पहुंची। यात्रा के आगे डीजे वाहन पर भारत जोड़ों यात्रा से जुड़े गीत चल रहे थे। कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ता सबसे आगे राष्ट्रीय ध्वज लेकर चल रहे थे। दो-दो की कतार में यात्रा में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ता जोड़ों-जोड़ों भारत जोड़ों, नफरत छोड़ो भारत जोड़ो के नारे लगाते हुए चल रहे थे। यात्रा के समापन पर नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया।

विधायक शशांक श्रीकृष्ण भार्गव ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान है। राहुल गांधी जी की 4081 किमी लंबी तपस्या, जिसने भारतीय राजनीति की दिशा बदल दी। भारत जोड़ो यात्रा जहां भी गई, इसने दिल जीत लिया और भाजपा-आरएसएस को सत्ता से बाहर करने की उलटी गिनती शुरू कर दी। भारत जोड़ो यात्रा हर भारतीय को तब तक प्रभावित करेगी, जब तक नफरत खत्म नहीं हो जाती और बेजुबानों को आवाज नहीं मिल जाती है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश कटारे ने कहा कि भारत जोड़ों यात्रा के माध्यम से राहुल गांधी जी आर्थिक असमानताओं, मूल्य वृद्धि, बेरोजगारी, सामाजिक अन्याय, संविधान की तोड़फोड़, सत्ता के केंद्रीकरण के वास्तविक मुद्दों को लोगों की कल्पना के केंद्र में लाना चाहते थे, जिसमें उन्हें सफलता भी हासिल हुई है। यात्रा हमारे समाज में बातचीत के माध्यम से नफरत और शत्रुता के खतरें से लड़ना जारी रखती है।

भारत जोड़ों यात्रा सिर्फ एक भौतिक प्रयास नहीं है। यह हमारी टूटी हुई सामूहिक चेतना को फिर से बनाने का एक ईमानदार प्रयास है। हमारे लिए न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के हमारे अंतर्निहित मूल्य सर्वोच्च हैं। कांग्रेस पार्टी हमारे संविधान को बचाने और हमारे लोकतंत्र की रक्षा करने के प्रयास में लगातार लोगों के बीच पहुंच रही हैं।

इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता बाबूलाल वर्मा, मजीद मंसूरी, नंदकिशोर शर्मा, सुरेश मोतियानी, आशा सिंह राजपूत, कालूराम मीणा, प्रकाश दांगी, जिनेश जैन, अजय कटारे, दीपक कपूर, राजेश दुबे, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नवनीत कुशवाह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!