बाबा साहब डॉ अंबेडकर महापरिनिर्वाण दिवस: बोर्ड आफिस चौराहे पर शिवराज, वीडी, हितानंद ने संविधान निर्माता की प्रतिमा पर की पुष्पांजलि, कांग्रेसी भी पहुंचे

भोपाल डेस्क :
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को छिंदवाड़ा जाने से पहले राजधानी के बोर्ड आफिस चौराहे पर पहुंचकर भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर को महापरिनिर्वाण दिवस पर नमन किया। इस मौके पर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा समेत अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे।

डॉ. अंबेडकर के 67वें परिनिर्वाण दिवस पर उन्हें नमन करते हुए कहा गया कि अंबेडकर विधिवेत्ता, अर्थशास्त्री, राजनीतिज्ञ और समाज-सुधारक थे। उन्होंने सामाजिक भेदभाव के विरुद्ध अभियान चलाया तथा श्रमिकों, किसानों और महिलाओं के अधिकारों का समर्थन किया। वे भारतीय संविधान के जनक, स्वतंत्र भारत के प्रथम विधि एवं न्याय मंत्री तथा भारत गणराज्य के निर्माताओं में से एक थे। डॉ. अंबेडकर ने कहा था – “छुआछूत गुलामी से भी बदतर है।“ उन्हें भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सन 1990 में मरणोपरान्त सम्मानित किया गया। डॉ. अंबेडकर का अवसान 6 दिसम्बर 1956 को दिल्ली में हुआ। उनका जन्म 14 अप्रैल 1891 को मध्यप्रदेश स्थित महू सैन्य छावनी में हुआ था।
कांग्रेस ने भी किया नमन
अंबेडकर प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के लिए पहुंचने वाले नेताओं में कांग्रेस भी शामिल रहे। सभी ने संविधान निर्माता को स्मरण कर लोकतंत्र की नींव रखने वाले अंबेडकर के काम युवाओं तक पहुंचाने को कहा।



