बासौदा से निशंक जैन ने भरा नामांकन: रैली में पैदल चलकर मांगा जनता से समर्थन, लोगों ने जेसीबी पर चढ़कर की फूलों वर्षा

विदिशा डेस्क :
विदिशा जिले के बासौदा विधानसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार निशंक जैन ने आज अपना नामांकन जमा किया। इससे पहले निशंक जैन अपने समर्थकों के साथ पैदल शहर की सड़कों पर निकले और जनता से समर्थन मांगा। इस दौरान कई जगह लोगों ने जेसीबी पर चढ़कर रैली में उन पर पुष्प वर्षा की। रैली शहर के मुख्यमार्गों से होती हुई निर्वाचन कार्यालय पहुंची।

निशंक जैन ने रिटर्निग अधिकारी को अपना नाम निर्देशन पत्र जमा किया। निशंक जैन ने कहा कि इस प्रदेश का चुनाव मध्यप्रदेश की जनता लड़ रही है, पूरे प्रदेश में परिवर्तन की लहर है। बासोदा विधानसभा की जनता अमन चैन चाहती है। भय और अराजकता से मुक्ति चाहती है और लोगों को कमलनाथ जी के 15 महीने के शासन काल में विश्वास है।
18 साल की बीजेपी सरकार की वादा खिलाफी बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, किसान विरोधी नीतियां ऐसे कई मुद्दे हैं। जिनको लेकर हम जनता के बीच में जाएंगे। कांग्रेस के सब नेता कार्यकर्ता साथ है। कांग्रेस पार्टी बासौदा विधानसभा सीट जीतेगी ही। इसके साथ ही मध्यप्रदेश में सरकार भी बनाएगी।



