विदिशा

सिर्फ 8 महीने 20 दिन में आनंदपुर थाने को दी नई पहचान: भावभीनी विदाई में छलका जनस्नेह

आनंदपुर डेस्क:

आनंदपुर थाना प्रभारी अनुज प्रताप सिंह दांगी का लटेरी तहसील मुख्यालय पर स्थानांतरण होने पर बुधवार शाम सामाजिक संगठन ‘जन चेतना मंच’ के कार्यकर्ताओं, ग्रामीणजनों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भावभीनी विदाई दी। समारोह में थाना प्रभारी का तिलक लगाकर, फूल-मालाएं पहनाकर, शॉल-श्रीफल एवं आंवले का पौधा भेंट कर सम्मान किया गया।


ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा कि थाना प्रभारी दांगी ने मात्र 8 महीने 20 दिन के अल्प कार्यकाल में आनंदपुर थाने की तस्वीर ही बदल दी। जिस थाने की पहचान पहले एक सामान्य सरकारी परिसर के रूप में थी, उसे उन्होंने जनसहयोग से एक देवस्थल जैसी स्वच्छ, व्यवस्थित और आकर्षक पहचान दिला दी। इतने कम समय में खेल मैदान, व्यवस्थित पार्किंग, विशाल गार्डन, बैठक व्यवस्था और मुख्य सड़क से थाना परिसर तक सड़क निर्माण जैसे कार्य कराना वास्तव में प्रशंसनीय और पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि इतने कम समय में जिस समर्पण और संवेदनशीलता के साथ थाना प्रभारी ने कार्य किया, वैसा उदाहरण जिले में कम ही देखने को मिलता है। उन्होंने पुलिस और आमजन के बीच बेहतर तालमेल कायम कर लोगों का विश्वास जीता।


इस अवसर पर थाना प्रभारी अनुज प्रताप सिंह दांगी ने कहा कि “यह थाना आप सभी का है। मेरे स्थानांतरण के बाद भी यह भावना न रखें कि कार्य रुक जाएंगे। यह सब कार्य अकेले मेरे द्वारा संभव नहीं थे, बल्कि क्षेत्र के ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और समाज के भरपूर सहयोग से पूरे हुए हैं।”
उन्होंने कहा कि जब किसी पुलिसकर्मी का गलत वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होता है तो पूरी पुलिस व्यवस्था की छवि प्रभावित होती है। समाज को चाहिए कि गलत को गलत कहने के साथ-साथ अच्छे कार्यों की सराहना भी करे। जो व्यक्ति ईमानदारी और निष्ठा से जनता के लिए कार्य करता है, उसकी प्रशंसा होना भी जरूरी है।
समारोह के अंत में उपस्थित लोगों ने थाना प्रभारी दांगी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए नई पदस्थापना के लिए शुभकामनाएं दीं।

News Update 24x7

Related Articles

error: Content is protected !!