भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए बने सहारा: अमित शर्मा पिछले 8 वर्षों से रख रहे दाना-पानी

आनंदपुर डेस्क: सीताराम वाघेला
भीषण गर्मी के दौर में जहां इंसान भी पानी के लिए परेशान नजर आ रहे हैं, वहीं आनंदपुर की पूर्व सरपंच शानू शर्मा के जेठ एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष आशीष शर्मा के बड़े भाई अमित शर्मा बेजुबान पशु-पक्षियों के लिए मानवता की मिसाल पेश कर रहे हैं। अमित शर्मा पिछले सात-आठ वर्षों से प्रतिदिन अपने घर एवं आसपास के क्षेत्रों में सकोरों और मटकों में पानी भरकर पक्षियों व गायों की प्यास बुझाने का कार्य कर रहे हैं।
गर्मी बढ़ते ही पेड़-पौधों और खुले स्थानों पर पानी की कमी होने से पक्षियों को काफी परेशानी होती है। ऐसे में अमित शर्मा रोजाना सुबह और शाम सकोरों में स्वच्छ पानी भरते हैं, ताकि चिड़िया, कबूतर, मैना सहित अन्य पक्षियों को राहत मिल सके। इसके अलावा उन्होंने दो बड़े मटकों में भी पानी की व्यवस्था की है, जिससे राहगीर अपनी प्यास बुझा सके और आसपास घूमने वाले मवेशी अपनी प्यास बुझा सकें इसके लिए वह होदी में भी प्रतिदिन पानी भरते हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज गर्मी में जहां लोग अपने कामों में व्यस्त रहते हैं, वहीं अमित शर्मा लगातार बेजुबान जीवों की सेवा कर समाज को सकारात्मक संदेश दे रहे हैं। उनकी इस पहल से अन्य लोग भी प्रेरित हो रहे हैं और कई घरों में अब पक्षियों के लिए पानी रखने की शुरुआत हुई है।
अमित शर्मा ने बताया कि मनुष्य का पहला फर्ज प्रकृति और जीव-जंतुओं के प्रति बनता है। यदि इंसान वास्तव में खुद को समाजसेवी और मानव कहलाना चाहता है, तो उसे बेजुबान पशु-पक्षियों की देखभाल भी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गर्मियों में थोड़ी सी संवेदनशीलता कई जीवों की जान बचा सकती है।
क्षेत्रवासियों ने अमित शर्मा की इस सेवा भावना की सराहना करते हुए इसे मानवता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रेरणादायक पहल बताया है।



