विदिशा

वन विभाग का बड़ा एक्शन: 6 हेक्टेयर वन भूमि से हटाया अतिक्रमण, निलंबित पंचायत सचिव पर कार्रवाई

सिरोंज डेस्क:

वन विभाग द्वारा वन भूमि पर अवैध कब्जों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए बीट देहरीपामा क्षेत्र में लगभग 6 हेक्टेयर अतिक्रमित वन भूमि को मुक्त कराया गया। यह कार्रवाई वन विभाग एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

वनमंडलाधिकारी श्री हेमंत यादव के निर्देशन एवं उप वनमंडलाधिकारी सिरोंज श्री प्रशांत साकरे के नेतृत्व में संचालित इस अभियान के दौरान वन परिक्षेत्र अधिकारी उत्तर लटेरी श्री आर.के. सहरिया एवं दक्षिण लटेरी श्री विवेक चौधरी के नेतृत्व में वन अमले और पुलिस बल की टीम बीट देहरीपामा के कक्ष क्रमांक पी-410 पहुंची, जहां अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।

वन विभाग के अनुसार कुल 12 हेक्टेयर वन भूमि पर अवैध कब्जा किया गया था, जिसमें से फिलहाल लगभग 6 हेक्टेयर भूमि को मुक्त करा लिया गया है। शेष भूमि को भी मुक्त कराने की कार्रवाई जारी है।
जानकारी के मुताबिक देहरीपामा निवासी किसन सिंह पुत्र इमरत सिंह गुर्जर, जो वर्तमान में निलंबित पंचायत सचिव बताया गया है, द्वारा उक्त वन भूमि पर अवैध कब्जा किया गया था। इस संबंध में वन अपराध प्रकरण क्रमांक 261/27 दिनांक 21 जुलाई 2024 को दर्ज किया गया था।

वन विभाग ने भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 80 ‘अ’ के अंतर्गत अतिक्रमणकर्ता को दो बार कारण बताओ नोटिस जारी किए थे, लेकिन विभाग को कोई वैध दस्तावेज अथवा साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किए गए। जांच में अवैध कब्जे की पुष्टि होने पर वनमंडलाधिकारी विदिशा द्वारा बेदखली का अंतिम आदेश जारी किया गया।

आदेश के पालन में वन विभाग एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए वन भूमि को कब्जामुक्त कराया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी तथा वन संपदा की सुरक्षा एवं संरक्षण को प्राथमिकता दी जाएगी।

News Update 24x7

Related Articles

error: Content is protected !!