मध्यप्रदेश

पीएम एक्सीलेंस कॉलेज के स्टूडेंट्स को एमपी सरकार की बड़ी सौगात: 1 जुलाई से सभी जिलों में शुरू होंगी बसें, कलेक्टर तय करेंगे रूट और राउंड

भोपाल डेस्क :

एमपी के सभी 55 जिलों में खुलने वाले पीएम एक्सीलेंस कॉलेज के स्टूडेंट्स से बसों में आने-जाने के लिए रोज एक रुपए किराया लिया जाएगा। यह किराया महीने के 30 दिन का 30 रुपए होगा। जिसे स्टूडेंट्स को कॉलेज प्रबंधन को चुकाना होगा। इसके बदले कॉलेज की बसों से वे अपने रूट पर कॉलेज और घर आ जा सकेंगे। बसों का रूट और राउंड कलेक्टर तय करेंगे।

उच्च शिक्षा विभाग ने एक जुलाई से शुरू होने वाले पीएम एक्सीलेंस कॉलेज में यह व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए हैं। सभी जिलों के कलेक्टरों और पीएम एक्सीलेंस कॉलेज के प्राचार्यों से कहा है कि सभी काॅलेज में यह व्यवस्था शुरू की जानी है और इसे शुरू करने के बदले आने वाले खर्च की भरपाई कॉलेज के जनभागादारी मद से की जाएगी।

विभाग ने यह निर्देश कॉलेज पीएम एक्सीलेंस कॉलेज खोले जाने के 10 दिन पहले जारी कर समय पर इसके टेंडर और सर्विस प्रोवाइडर सिलेक्शन का काम पूरा करने के लिए कहा है।

मुख्यमंत्री ने बैठक में भी इस पर किया फोकस

इधर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को भोपाल में उच्च शिक्षा विभाग के अफसरों के साथ समीक्षा बैठक की। जिसमें सभी जिलों में खोले जाने वाले कॉलेज की व्यवस्थाओं का रिव्यू किया। बैठक में पीएम एक्सीलेंस कॉलेज में शुरू होने वाले पाठ्यक्रम और अन्य व्यवस्थाओं को पूरा करने के लिए सीएम ने अफसरों को निर्देशित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा- इसके लिए आवश्यक बजट भी उपलब्ध कराया है। एक्सीलेंस कॉलेज जिले का गौरव होगा। एक्सीलेंस कॉलेज से जिले की तहसीलों एवं जिले के नागरिकों को जोड़ें। शुभारंभ समारोह से जिले के नागरिक भी जुड़ें।

पहली कैबिनेट बैठक में हुआ था कॉलेज का फैसला

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने 13 दिसंबर 2023 को शपथ लेने के बाद उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल की मौजूदगी में पहली कैबिनेट बैठक की थी। जिसमें यह तय किया था कि प्रदेश में पीएम एक्सीलेंस कॉलेज खोले जाएंगे। मुख्यमंत्री ने इसके लिए हर जिले में एक्सीलेंस कॉलेज खोलने की घोषणा भी उसी दिन कर दी थी। इसके बाद हर जिले से कॉलेज का चयन कर उन्हें पीएम एक्सीलेंस कॉलेज के रूप में प्रमोट करने की कार्यवाही की गई।

सरकार की मंशा है कि पीएम एक्सीलेंस कॉलेज शिक्षा के क्षेत्र में उदाहरण बनें और रोजगारपरक शिक्षा देकर प्रदेश के युवाओं को सीधे रोजगार से जोड़ने का काम करें। इसीलिए पीएम एक्सीलेंस कॉलेज में पर्यटन, संस्कृति विमानन समेत कई नए कोर्स शुरू करने का निर्णय भी सीएम डॉ.मोहन यादव ने लिया है।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!