केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय बोले- दिल्ली भी उनके सामने नतमस्तक: जनता ने मुंहतोड़ जवाब दिया
'पिता सीएम नहीं रहे, तब ज्यादा लोकप्रिय

सीहोर डेस्क:
मेरे पिता के सामने दिल्ली भी नतमस्तक है। जब वे सीएम नहीं रहे तब ज्यादा लोकप्रिय हो गए। दुनिया ने हमारी बहुत परीक्षा ली है। 2023 के विधानसभा चुनाव में कई उंगलियां उठाई गईं। कहा गया कि इस बार सरकार बनाना मुश्किल है, लेकिन जनता ने ऐसे लोगों को मुंहतोड़ जवाब दिया। दिल्ली ही क्या, कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक बड़े नेताओं की गिनती की जाती है, तो उसमें हमारे नेता शिवराज जी शीर्ष नेताओं में शामिल हैं।’
यह बात केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय चौहान ने शुक्रवार को सीहोर के भैरूंदा में कार्यकर्ता सम्मेलन में कही। उन्होंने लोकसभा चुनाव में अपने पिता शिवराज सिंह चौहान की ऐतिहासिक जीत पर लोगों का आभार भी जताया। इस मौके पर कार्तिकेय की मां साधना सिंह भी शामिल रहीं। वहीं, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
आपके नेता बड़े नेताओं में जाने जाते हैं
कार्तिकेय ने कहा कि आपके नेता बड़े नेताओं में जाने जाते हैं। जब वे सीएम थे, तब तो लोकप्रिय थे ही, लेकिन जब मुख्यमंत्री नहीं रहे, तब और ज्यादा लोकप्रिय हो गए।
कार्तिकेय चौहान ने कहा, ‘ आपमें, मुझमें, शिवराज जी में कोई फर्क नहीं दिखता। हम सब अनेकों जिस्म और एक जान हैं। 2023 के चुनाव में कई उंगलियां उठीं। लोगों ने कहा कि सरकार बनाना मुश्किल है, लेकिन ऐसे विपक्षी और बुद्धिजीवियों को मुंहतोड़ जवाब देने का काम जनता ने किया। आपकी जितनी तारीफ की जाए उतनी कम है। 2024 के चुनाव में विदिशा संसदीय क्षेत्र की बैठक में सभी ने विचार रखे, जो चौंकाने वाले थे, लेकिन परिणाम सामने आए। डेढ़ लाख से जीत दर्ज कराई।’



