मध्यप्रदेश

MP के मन में मोदी है, मोदी के मन में MP है: रतलाम में बोले पीएम- दो नेता CM कुर्सी के लिए नहीं, बेटों के लिए कपड़े फाड़ रहे

न्यूज़ डेस्क :

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को रतलाम में कांग्रेस को परिवारवाद पर घेरा। उन्होंने दिग्विजय और कमलनाथ का नाम लिए बिना कहा, ‘यहां कांग्रेस के दो नेताओं के बीच कपड़े फाड़ने का कॉम्पिटिशन चल रहा है। ये CM की कुर्सी के लिए नहीं लड़ रहे। किसका बेटा MP कांग्रेस पर कब्जा करेगा? लड़ाई इसी बात की है। कांग्रेस सिर्फ परिवारवाद का परचम लहरा सकती है। ‘

रतलाम के बंजली मैदान में सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘जब 3 दिसंबर को भाजपा सरकार की वापसी का जश्न मनेगा तो लड्‌डू के साथ रतलामी सेव भी खाई जाएगी। MP के मन में मोदी है, मोदी के मन में MP है।’

पिछले 15 दिन में PM का यह तीसरा और एक महीने में मध्यप्रदेश में चौथा दौरा है।

PM के भाषण की बड़ी बातें…

कांग्रेस के पास विकास का रोडमैप नहीं: कांग्रेस के पास झूठी घोषणाओं का भोंपू बच गया है। विकास का ठोस रोडमैप कांग्रेस को पता नहीं। कांग्रेस के नेता, डायलॉग, घोषणाएं फिल्मी हैं। जब किरदार फिल्मी हैं, तो सीन भी फिल्मी होगा। MP का परचम लहराना कांग्रेस के बस की बात नहीं।

कांग्रेस मतलब घोटाले, अपराध की गारंटी: कांग्रेस मतलब- राज्य में घोटाले, अपराधियों का बोलबाला, गरीबों से विश्वासघात, दलित-पिछड़ों-आदिवासियों से अत्याचार, राज्य को बीमार बनाने की गारंटी। ये अपने-अपने चेलों को बताते हैं कि एक बार मौका मिल गया तो इसके बाद ये खुद के कपड़े फाड़ेंगे, आपके भी फाड़ेंगे।

आपका सपना मोदी की गारंटी: मुफ्त राशन (प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना) को आने वाले 5 साल के लिए बढ़ाया जाएगा। मेरे 80 करोड़ देशवासियों के घर में चूल्हा जलता रहे, ये मोदी की गारंटी है। आपका सपना ही मोदी का संकल्प है। मोदी जब गारंटी देता है तो गारंटी पूरी करने की गारंटी भी देता है।

कौन जीतेगा, अब ये चर्चा नहीं होगी: MP में भाजपा के समर्थन में चल रही ये आंधी अद्भुत है। जो लोग दिल्ली में बैठकर गुणा भाग करते रहते हैं, आज उनका हिसाब बदल जाएगा। अब चर्चा ये नहीं होगी कि कौन जीतेगा, चर्चा ये होगी कि भाजपा 2 तिहाई बहुमत लेगी या 2 तिहाई बहुमत से कम रहेगी।

भाजपा सरकार के कार्यकाल में चंद्रमा पर झंडा गाड़ा: वो भाजपा सरकार ही है, जिसने भारत को विश्व में पांचवें नंबर की आर्थिक शक्ति बना दिया। वो भाजपा सरकार ही है, जिसने कोरोना के इतने बड़े महासंकट में भी देश को पिछड़ने नहीं दिया। वो भाजपा सरकार ही है, जिसके कार्यकाल में देश ने चंद्रमा पर अपना झंडा गाड़ा।

खड़गे के बयान पर पलटवार: देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति का कांग्रेस ने विरोध किया। BJP के पुराने नेता को उनके खिलाफ उतारा। यह दिखाया कि आदिवासी बेटी को रोकने के लिए कांग्रेस किस हद तक जा सकती है। मल्लिकार्जुन खड़गे ने आज डिंडौरी में कहा- मुर्मू आदिवासी हैं, इसीलिए उनसे पार्लियामेंट का उद्घाटन नहीं कराया।

MP के लोगों का BJP पर अटूट विश्वास: भाजपा ही है, जिसने MP को एग्रीकल्चर में आगे बढ़ाया। रोड और रेल नेटवर्क में आगे बढ़ाया। औद्योगिक विकास किया, आधुनिक शिक्षा का हब बनाया। इसलिए MP के लोग भाजपा पर अटूट विश्वास करते हैं। ये भरोसा तब से है, जब देश में भाजपा को बहुत कम लोग जानते थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!